Karwa Chauth 2021: करवा चौथ का त्योहार भारत भर में धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। करवा चौथ को बॉलीवुड की फिल्मों में भी काफी जगह दी गई है। फिल्मों की तरह ही फ़िल्मी सितारों के लिए भी करवा चौथ का त्योहार काफी अहम होता है। बॉलीवुड के कई सेलेब्स तस्वीरों और वीडियो के ज़रिए अपने फैंस को करवा चौथ की बधाई दे रहे हैं।

अमिताभ बच्चन ने शेयर की जया बच्चन के साथ तस्वीर- अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया पर जया बच्चन के साथ फिल्म ‘कभी ख़ुशी कभी गम’ की एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन एक-दूसरे के गले लगते दिखे हैं। इस प्यारी सी तस्वीर को शेयर करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘करवा चौथ की अनेक अनेक शुभकामनाएं…सब कुशल मंगल हो।’

सोनाली बेंद्रे ने पहना अपनी शादी का जोड़ा- अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने इस करवा चौथ को अपनी शादी का 19 साल पुराना लहंगा पहना है। सोनाली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि ये त्योहार भूत वर्तमान और भविष्य के बीच एक पूल का काम करते हैं। उन्होंने आगे लिखा, ‘करवा चौथ मेरे लिए परिवार और दोस्तों के साथ वक़्त बिताने का त्योहार है। एक ऐसा दिन जब हम अपनों के साथ रिवाजों को मनाते हुए बिताते हैं। इस दिन पति की तरफ से अधिक प्यार एक बोनस होता है। मैंने मनीष मल्होत्रा का डिजाईन किया हुआ अपनी शादी का लहंगा पहना है जो 19 साल पुराना है।’

शिल्पा शेट्टी- अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी हर साल बड़ी ही धूमधाम से करवा चौथ मनातीं हैं। इस साल भी वो करवा चौथ का व्रत कर रहीं हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वो लाल रंग की कुर्ती में मंगलसूत्र पहने नज़र आईं हैं। उन्होंने हाथों में लाल रंग की चूड़ी भी पहन रखी है। तस्वीर शेयर करते हुए शिल्पा शेट्टी ने लिखा, ‘सभी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं। प्रार्थना करतीं हूं कि आपके सभी चाहने वालों को सेहत, सुरक्षा और प्यार मिले।’

पंकज त्रिपाठी ने भी पत्नी मृदुला के साथ मना रहे हैं करवा चौथ- पंकज त्रिपाठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो सबको करवा चौथ की शुभकामनाएं दे रहे हैं। वीडियो में पंकज त्रिपाठी बता रहे हैं कि वो और उनकी पत्नी मृदुला दोनों साथ मिलकर करवा चौथ का व्रत मना रहे हैं।

अनिल कपूर के घर करवा चौथ मनाने पहुंची पद्मिनी कोल्हापुरे- बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे अनिल कपूर के घर करवा चौथ का त्योहार मनाने पहुंचीं हैं। उनके साथ ऋषि कपूर की बहन रीमा जैन भी अनिल कपूर के घर दिखीं हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने कुछ तस्वीरें शेयर कर इसकी जानकारी दी है।