Skincare Tips: मौसम बदलने लगा है, कुछ ही दिनों में गर्मी आ जाएगी। गर्मी बढ़ते ही चेहरे पर पसीने और ऑयल के कारण पिंपल्स ज्यादा निकलने लगते हैं। गालों के साथ ही माथे पर पिंपल्स निकला भी बेहद आम हो गया है। ये सिर्फ दिखने में ही भद्दे नहीं लगते हैं, बल्कि काफी तकलीफदेह भी होते हैं। माथे पर होने वाले इन बड़े-बड़े दानों के कारण कभी प्लैन कैंसल करना पड़ जाता है तो कभी खुद को छिपाना पड़ता है। लेकिन अगर लोग कुछ बातों का ख्याल रखेंगे तो इस परेशानी को कम करना आसान हो सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से –

माथे पर क्यों हो जाते हैं पिंपल्स: कई बार गलत स्किन केयर उत्पाद या फिर हेयर प्रोडक्ट के इस्तेमाल से त्वचा में एलर्जी हो जाती है, इसके कारण भी माथे पर मुंहासे निकल सकते हैं। इसके अलावा, ऑयली स्कैल्प अथवा डैंड्रफ के कारण भी सिर पर पिंपल्स हो सकते हैं। रोम छिद्र अगर बंद हो जाते हैं तो स्किन को नमी प्राप्त नहीं होती है, इससे भी पिंपल्स की परेशानी हो सकती है। हार्मोनल चेंज, स्ट्रेस या फिर पाचन संबंधी समस्याएं भी मुंहासों का कारण बन सकती है।

कैसे पाएं इनसे छुटकारा: बालों की साफ-सफाई का ध्यान रखें, गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बचें। जिन स्किन प्रोडक्ट के इस्तेमाल से चेहरे पर जलन होती हो, उन्हें तुरंत हटाएं। धूप में ज्यादा देर तक न रहें। एक्सरसाइज करने के बार चेहरे पर मौजूद पसीने को हटाकर चेहरे की सफाई करें। स्वस्थ खानपान और हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करने से भी पिंपल्स से निजात पाया जाता है।

क्या खाने से बढ़ जाती है समस्या: जिन खाद्य पदार्थों की तासीर गर्म होती है, उन्हें खाने से बचें। इसके अलावा, एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ज्यादा ऑयली खाना खाने से भी पिंपल्स की परेशानी हो जाती है। साथ ही, जंक फूड से भी परहेज करें, ये चेहरे के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। इसके अलावा, जो लोग ज्यादा दवाई खाते हैं उन्हें भी पिंपल्स की समस्या परेशान करती है।

चेहरे के दाग-धब्बे कैसे हटाएं: चेहरे या माथे पर पिंपल्स निकलने पर दर्द तो होता ही है, साथ ही इनके जाने के बाद कई बार निशान रह जाते हैं। ये दाग खूबसूरती को कम करने का काम करते हैं। इन्हें हटाने में घरेलू उपाय असरदार हैं। संतरे के छिलकों को धूप में सूखाकर पीस लें। फिर इसमें शहद मिलाकर लेप बनाएं और चेहरे पर लगाएं। सूखने पर ठंडे पानी से धो लें। इसके अलावा, एक चम्मच सेब का सिरका, शहद और पानी मिलाकर घोल बनाएं। रुई की मदद से प्रभावित एरिया में लगाएं। 10 मिनट बाद ठंडे पानी से धोएं।