यूं तो करेला सेहत के लिए किसी रामबाण से कम नहीं है। इसका स्वाद भले ही कई लोगों को पसंद नहीं आता हो, लेकिन सेहत के लिए ये किसी खजाने से कम नहीं है। करेले में विटामिन के अलावा खनिज और एंटीऑक्सिडेंट्स जैसे पोषक तत्व होते हैं। जो शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए बेहद आवश्यक होते हैं। जो लोग रोजाना करेले का जूस पीते हैं उनसे बीमारियों दूर रहती हैं। इतना ही नहीं करेले में ऐसे-ऐसे औषधीय गुण होते हैं जो कई बीमारियों का काल होते हैं। करेला डायबिटीज के मरीजों के लिए रामबाण की तरह काम करता हैा। इसे खाने से पेट से जुड़ी समस्याएं भी दूर होती हैं। लेकिन करेले के साथ गर्मियों में भूलकर कुछ चीजों को नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने से ये शरीर के लिए घातक साबित हो सकता है। क्या हैं वो चीजें और कैसे करती हैं शरीर को नुकसाना, आइए जानते हैं इसके बारे में।

आम

गर्मी के मौसम में लोग आम खाना पसंद करते हैं। लेकिन करेले के साथ आम का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। इससे आपको पाचन संबंधी समस्याएं जैसे एसिडिटी, जलन, जी मिचलाना जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

दही

यूं तो करेला और दही दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। लेकिन इन दोनों चीजों को एक साथ नहीं खाना चाहिए। दोनों को साथ में सेवन करने से स्किन संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।

मूली

करेले की सब्जी खाने के बाद मूली का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल मूली और करेले की तासीर अलग-अलग होती है। जिसके कारण कफ और गैस की समस्या हो सकती है।

दूध

दूध सेहत के लिए फायदेमंद बताया जाता है। लेकिन अगर आप करेले की सब्जी खाने या इसका जूस पीने के बाद भी दूध का सेवन करते हैं तो आपकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे आपको कब्ज या जलन की समस्या हो सकती है।

भिंडी

कई लोगों को थाली में कई सब्जियां खाना पसंद होता है। लेकिन आपको भिंडी और करेले की सब्जी एक साथ खाने से बचना चाहिए। ये दोनों एक साथ खाने से आपको पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।