Food tourism: भारत हमेशा से अपने खाने के लिए जाना जाता रहा है। यहां शहर बदलने के साथ स्वाद बदल जाता है। ऐसा ही एक शहर है लखनऊ जो कि अपने नवाबी जायके के कारण जाना जाता है। दरअसल, इस शहर में आपको एक से एक नॉनवेज से लेकर वेज तक कई प्रकार की चीजें खाने को मिल जाएंगी। पुराना लखनऊ हो या नया लखनऊ, हर जगह की अपनी ही बात है। जैसे यहां के होटलों में एक बैंगन से बनी डिश परोसी जाती है जिसे बादल जाम (Badal Jaam) कहते हैं। इसे नाश्ते में यहां के नवाब खाते थे। इसके अलावा ऐसी जगहों की एक लंबी लिस्ट है। आइए, जानते हैं लखनऊ के फेमस फूड प्वाइंट्स (famous food points of lucknow) के बारे में।
लखनऊ के फेमस फूड प्वाइंट्स-lucknow famous food places to visit
टुंडे कबाबी-Tunday Kababi
टुंडे कबाबी में जो आता है, वह इन अनोखे मसालों वाले कबाब का स्वाद लंबे समय तक नहीं भूल पाता। मांस मुंह में तुरंत घुल जाता है और रुमाली रोटियों के साथ सबसे अच्छा लगता है। चौक वाले टुंडे कबाबी में आपको जहां बीफ कबाब मिलेगा तो अमीनाबाद आउटलेट में मटन कबाब भी मिलता है।
रहीम कुलचा निहारी-Rahim’s Kulcha Nahari
निहारी एक ऐसा नॉन वेज पकवान है जिसे बनाने में 7 घंटे से ज्यादा समय लग जाता है। इसके लिए बिना हड्डी वाले मांस को मसाले में मैरीनेट किया जाता है और रात भर पकाया जाता है। इसके बाद इसे ताजे पके हुए तंदूरी कुल्चे में भरा जाता है। टुंडे कबाब के बाद, नहारी कुल्चा लखनऊ के भोजन और व्यंजनों का दूसरा सबसे प्रसिद्ध व्यंजन है।
प्रकाश की कुल्फी-Prakash ki Kulfi
मीठा खाने के शौकीन लोगों को ये कुल्फी जरूर खाना चाहिए। इस दुकान में केवल कुल्फी फालूदा परोसते हैं और यह पलक झपकते ही बन जाता है। आप यहां दिनभर में कभी भी आ सकते हैं। गर्मियों के इस मौसम में यहां से गुजरता आता-जाता हर इंसान कुछ पल ठहर कर कुल्फी जरूर खाना चाहता है।
शर्मा टी स्टॉल-Sharma Tea Stall
लखनऊ आए और आपने शर्मा जी की चाय नहीं पी तो कुछ नहीं पिया। दरअसल, यहां लोग दूर दूर से चाय और बन-मक्खन खाने आते हैं। घर के बने मक्खन में ताजा पके हुए बन्स और एक कप चाय लोगों के मन को खुश कर देती है। तो लखनऊ जाएं तो हजरतगंज जाएं और यहां से इन चीजों का स्वाद लेकर जरूर लौटें।
दस्तरखान-Dastarkhwan
दस्तरखान में आपको लखनऊ की सारी फेमस डिश खाने को मिल जाएंगी। यहां नॉन वेज में कई बेहतरीन ऑप्शन मिलते हैं तो बिरयानी का जायका आपका मन खुश कर सकता है। तो, इन तमाम चीजों का स्वाद लेने के लिए आपको लखनऊ जरूर जाना चाहिए। तो अगर कभी जाना हुआ तो यहां घूमने के साथ इन चीजों का स्वाद लेकर ही लौटें।