Durga Puja Pandals in Delhi: देश में नवरात्र का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है, लेकिन दुर्गा पूजा को लेकर पश्चिम बंगाल में अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। यहां पर लोग अलग-अलग जगहों से पूजा घूमने पहुंच रहे हैं।

मालूम हो कि बंगाल में दुर्गा पूजा के समय भव्य तरीके से पंडाल बनाए जाते हैं, जिसको देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग पहुंचते हैं। ऐसे में आप दिल्ली-एनसीआर में हैं और दुर्गा पूजा में कोलकाता नहीं जा पाए हैं तो यहीं पर ही आप कोलकाता जैसे पांडाल देख सकते हैं। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आप दिल्ली और आसपास के इलाकों में कहां पर सबसे बेहतरीन पंडाल देख सकते हैं।

कश्मीरी गेट दुर्गा पूजा पंडालः Kashmere Gate Durga Puja Pandal

कश्मीरी गेट दुर्गा पूजा पंडाल अपने आप में खास है। यहां का पंडाल अपनी संस्कृति और विशाल विरासत को दिखाता है। कश्मीरी गेट दुर्गा पूजा पंडाल इस साल अपना 114वां वर्ष मना रहा है। अनुष्ठानों की सादगी और समृद्ध इतिहास इसको और खास बनाता है। इस पंडाल में दुनिया भर में सदियों से चली आ रही कई पीढ़ियों की विरासत को दिखाया जाता है।

मिंटो रोड पूजा समिति, दिल्ली

मिंटो रोड पूजा समिति दिल्ली में सबसे पुराने पंडाल में से एक है। यह पंडाल दिल्ली के कनॉट प्लेस के पास स्थिति मिंटो रोड पर है। दिल्ली में मिंटो रोड दुर्गा पूजा पंडाल अपने जीवंत धुनुची नाच के लिए प्रसिद्ध है। धुनुची नृत्य त्योहार के दौरान किया जाने वाला एक पारंपरिक नृत्य है। मिंटो रोड दुर्गा पूजा पंडाल में उत्साह, भक्ति और संस्कृति की झलक दिखाई देती है। मिंटो रोड आने वाले लोग यहां पर पारंपरिक संगीत का भी आनंद ले सकते हैं।

सीआर पार्क पंडाल, दिल्ली

दुर्गा पूजा का त्योहार सिर्फ कोलकाता तक सीमित नहीं है। इसका आयोजन राजधानी दिल्ली में भी भव्य तरीके से किया जाता है। सीआर पार्क का पूरा नाम चितरंजन पार्क है। यहां का पंडाल पूरे दिल्ली-एनसीआर में फेमस है। इसको मिनी कोलकाता भी कहा जाता है। यहां पर आपको कोलकाता की वह सभी चीजें देखने को मिल जाएगी, जिसको आप बंगाल जाकर देखना चाहते हैं।  सीआर पार्क के पंडाल में प्रभावशाली मूर्तियों और सजावट के साथ आप बंगाल की संस्कृति और विरासत को आप काफी करीब से देख सकते हैं।

मातृ मंदिर, सफदरजंग एन्क्लेव

सफदरजंग एन्क्लेव का मातृ मंदिर पंडाल अपने शांति, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। मातृ मंदिर का दुर्गा पूजा पंडाल  अपने शिल्पकला और अनुष्ठानों के दौरान भक्ति आध्यात्मिक शांति के लिए काफी प्रसिद्ध है। आप यहां जाकर भारतीय नृत्य और संगीत का आनंद ले सकते हैं।

नई दिल्ली काली बाड़ी मंदिर

नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित काली बाड़ी मंदिर सबसे पुराने और पारंपरिक दुर्गा पूजा के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर भव्य पंडाल बनाया जाता है, जो अपनी सादगी के लिए फेमस है। इसको देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। यह पंडाल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक का अनुभव कराता है।