हर महिला के लिए गर्भावस्था का समय उसके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। प्रेग्नेंसी के 9 महीने महिलाओं को कई तरह की चुनौतियों से होकर गुजरना पड़ता है, उनके शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। हालांकि, इन चुनौतियों और तमाम तरह की परेशानियों के बावजूद एक सवाल जो अक्सर उनके मन में होता है, वो ये कि उनकी डिलीवरी नॉर्मल होगी या सिजेरियन? डिलीवरी के करीब आते-आते ये सवाल डर में बदल जाता है।
हर प्रेग्नेंट महिला नॉर्मल डिलीवरी की ही चाह रखती है। हालांकि, आज के मॉर्डन लाइफस्टाइल के चलते नॉर्मल डिलीवरी के चांस बेहद कम होते जा रहे हैं। यही वजह है कि आज हर 10 में 8 महिलाओं की डिलीवरी सर्जरी की मदद से की जा रही है। ऐसे में अगर आप भी मां बनने वाली हैं और चाहती हैं कि आपको सर्जरी से होकर न गुजरना पड़े तो इसके लिए अभी से अपनी जीवनशैली में हेल्दी बदलाव करना शुरू कर दें। इसके अलावा हेल्थ एक्सपर्ट्स गर्भावस्था में महिलाओं को आखिरी समय तक शारीरिक काम करने के साथ-साथ नियमित एक्सरसाइज करने की भी सलाह देते हैं। खासकर नॉर्मल डिलीवरी के कुछ एक्सरसाइज बेहद मददगार साबित हो सकती है। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको एक ऐसी ही एक्सरसाइज के बारे में बता रहे हैं।
नॉर्मल डिलीवरी के लिए रोज करें ये एक्सरसाइज
कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान ‘डक वॉक’ करना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इस एक्सरसाइज का अभ्यास ना केवल नॉर्मल डिलीवरी के चांस को बढ़ा देता है, बल्कि ये प्रसव को आसान बनाने में भी मददगार हो सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से-
क्या होती है डक वॉक?
डक वॉक दरअसल, एक खास तरह की स्क्वाटिंग एक्सरसाइज है। वहीं, जैसा की नाम से ही पता चल रहा है, इस एक्सरसाइज में बत्तख की तरह चलना होता है। आसान भाषा में समझें तो सबसे पहले आपको स्क्वॉट्स पोजीशन में नीचे बैठ जाना होता है, इसके बाद छोटे-छोटे कदम आगे बढ़ाते हुए बैठकर ही आगे की ओर चलना होता है। सुनने में ये यकीनन अजीब लग सकता है लेकिन आपको बता दें कि अजीब लगने वाली ये एक्सरसाइज कई तरह से आपको फायदा पहुंचा सकती है। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए ये फायदेमंद है।
कैसे पहुंचाती है फायदा?
- हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि डक वॉक करने शरीर के निचले हिस्से को मजबूती मिलती है, साथ ही पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं, जिससे नॉर्मल डिलीवरी के चांस बढ़ जाते हैं। दरअसल, पेल्विक फ्लोर में मजबूती डिलीवरी के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
- इसके अलावा इस एक्सरसाइज के नियमित अभ्यास से कूल्हों और जांघों पर खिंचाव होता है, जिससे लचीलापन बढ़ता है। ये भी नॉर्मल डिलीवरी के लिए मददगार हो सकता है। साथ ही इससे लेबर पेन में भी कमी आती है।
- गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पीठ और कमर में दर्द सबसे अधिक परेशान करता है। वहीं, डक वॉक आपको इस दर्द से आराम दिलाने में मदद करती है।
- हालांकि, इन बातों से अलग ध्यान रखें कि एक्सरसाइज की शुरुआत हमेशा विशेषज्ञ की देखरेख में करें। गर्भावस्था के दौरान आपके शरीर का वजन बढ़ रहा होता है, ऐसे में जरा सी भी लापरवाही आपके और आपके होने वाले बच्चे के लिए खतरनाक हो सकती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।