रोजाना बादाम खाना आपकी सेहत के साथ-साथ त्वचा के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है। बादाम में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। इनमें प्रोटीन, ओमेगा 3 फैटी एसिड, ओमेगा 6 फैटी एसिड, विटामिन ई, कैल्शियम और फॉस्फोरस आदि भरपूर मात्रा में होते हैं। इसके अलावा बादाम में फाइबर की भी अच्छी खासी मात्रा होती है। एक शोध में यह दावा किया गया है कि रोजाना बादाम के सेवन से महिलाओं में मीनोपॉज के बाद होने वाली त्वचा संबंधी बीमारियां जैसे रंजकता को भी ठीक किया जा सकता है।

2019 में छपी न्यूट्रिएंट्स नाम की मैग्जीन में दावा किया गया है कि किसी दूसरे स्नैक की जगह मीनोपॉज के बाद अगर महिलाएं रोजाना बादाम का सेवन करती हैं, तो ना सिर्फ उनके चेहरे की झुर्रियां ठीक हो सकती हैं, बल्कि मीनोपॉज के बाद होने वाली गंभीर समस्याओं से भी निजात पाया जा सकता है। इसके अलावा बादाम ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है।

हालांकि, विशेषज्ञों की मानें तो भीगे हुए बादामों का सेवन ज्यादा फायदेमंद होता है। क्योंकि रात भर भिगोकर रखने से बादाम के छिलके में मौजूद टॉक्सिक तत्व बाहर निकले जाते हैं। जिसके बाद इसका सेवन करने से हमें ज्यादा न्यूट्रीयेंट्स मिलते हैं।

बादाम के फायदे:

कोलेस्ट्रॉल को करता है कंट्रोल: बादाम में भरपूर मात्रा में फाइबर मौजूद होता है, जो शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को संतुलित रखता है। रोजाना बादाम के सेवन से दिल पूरी तरह स्वस्थ रहता है। इसके अलावा अगर आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, तो बादाम का सेवन करने से उसे भी नियंत्रित किया जा सकता है।

दिमाग को रखता है स्वस्थ: बादाम विटामिन और मिनल्स से भरपूर होता है। डॉक्टर्स के मुताबिक अगर आप रोजाना सुबह 4 से 6 बादामों का सेवन करते हैं, तो इससे आपका दिमाग भी तेज होता है। यह आपके सेंट्रल नर्वस सिस्टम को ठीक कर स्वास्थ्य को बेहतर करता है।

वजन को रखता है नियंत्रित: बादाम में विटामिन ई मौजूद होता है, जो एंटीऑक्सीडेंट के तौर पर काम करता है। रोजाना बादाम का सेवन आपके फैट को वर्न कर वजन घटाने में भी मदद करता है।

गर्भावस्था में है फायदेमंद: गर्भवती महिलाओं को रोजाना बादाम का सेवन करना चाहिए। क्योंकि इससे आपके होने वाले बच्चे को पूरा न्यूट्रीशन मिल पाता है।