दिन की शुरुआत अगर हेल्दी और टेस्टी नाश्ते से की जाए, तो फिर पूर दिन आप खुद को स्वस्थ और एनर्जेटिक महसूस करते हैं। हालांकि, इसके लिए रोज-रोज क्या नया बनाया जाए, ये सवाल अक्सर लोगों को परेशान कर देता है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और आज के नाश्ते के लिए कोई हेल्दी और टेस्टी रेसिपी ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।
आज के नाश्ते में आप चूर-चूर मूंग दाल पराठा बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए शेफ संजीव कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बेहद आसान रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं इसके लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे चूर-चूर मूंग दाल पराठा बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें
- 1 कप मूंग दाल ( 3-4 घंटे भीगी हुई)
- 1.5 कप साबुत गेहूं का आटा
- 4 बड़े चम्मच दही
- 2-3 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 2 चम्मच अमचूर पाउडर
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटी हुई धनिया पत्ती
- नमक स्वाद अनुसार
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/4 चम्मच जीरा पाउडर
- 2 चम्मच तेल और
- 8 चम्मच घी
कैसे बनाएं चूर-चूर मूंग दाल पराठा?
- इसके लिए सबसे पहले भीगी हुई दाल को छान लें।
- अब, दाल में अलग से पानी और स्वादानुसार नमक डालकर उबाल लें। आपको दाल को पूरी तरह पकने तक उबालना है लेकिन इसके दाने बरकरार रहने चाहिए।
- पकी हुई दाल को मिक्सर जार में डालें और दरदरा पीस लें।
- दाल को एक एक बड़े कटोरे में निकाल लें और उसी कटोरे में साबुत गेहूं का आटा, दही, हरी मिर्च, अमचूर पाउडर, कटा हरा धनिया और थोड़ा नमक डालें।
- अब, बाउल में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- पर्याप्त पानी डालें और अर्ध-नरम आटा गूंथ लें।
- आटे पर 2 छोटे चम्मच तेल डालकर इसे एक बार फिर से गूथ लें और 15-20 मिनट के लिए अलग रख दें।
- तय समय बाद आटे से छोटी-छोटी लोई बनाएं और गोल बेल लें।
- अब, एक नॉन-स्टिक तवा गरम करें, उस पर तैयार परांठा रखें और पकने तक दोनों तरफ से पकाएं।
- पराठे पर घी लगाते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।
- इतना करते ही आपके स्वाद में लाजवाब पराठे बनकर तैयार हो जाएंगे। आप इन्हें अपनी पसंद के अनुसार दही, अचार या चाय के साथ गरमागरम खा सकते हैं।
उम्मीद है ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- पनीर के बाद अब बाजार में बिक रहे नकली अंडे, इस तरह करें असली Egg की पहचान