Ravan Dahan on Dussehra 2024: सनातन धर्म में दशहरा का विशेष महत्व है। हर साल अश्विन माह में शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरा का त्योहार मनाया जाता है। दशहरा का त्योहार असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था। इसी दिन मां दुर्गा ने अत्याचारी राक्षस महिषासुर का अंत किया था। इस वर्ष विजयादशमी का त्योहार 12 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
दिल्ली में कहां देखें रावण दहन?
दशहरा पर आप अपने परिवार के साथ रामलीला और रावण दहन को देखने बाहर जा सकते हैं। ऐसे में सवाल आता है कि रावण दहन देखने के लिए कहां जाया जाए। अगर आप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं तो यहां पर आप आसानी से रावण दहन देख सकते हैं।
दिल्ली के द्वारका में बना रावण का 211 फीट ऊंचा पुतला
दिल्ली में इस समय दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसे में कई जगहों पर रावण का पुतला भी जलाने की परंपरा है। वहीं, दिल्ली के द्वारका सेक्टर 10 में रावण का 211 फीट ऊंटा पुतला बनाया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने आयोजकों के हवाले से बताया कि यह भारत का सबसे बड़ा रावण का पुतला है। अगर आप भी रावण दहन देखना चाहते हैं तो द्वारका सेक्टर 10 जा सकते हैं।
रामलीला मैदान
रामलीला मैदान दशकों से दशहरा उत्सव मनाने का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां पर हर साल रामलीला का मंचन होता है, जिसको देखने के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। रामलीला ग्राउंड में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेता आते रहे हैं। इस मैदान में दिल्ली रामलीला कमेटी हर साल रावण की प्रतिमा लगाती है, जिसको विजयादशमी के दिन जलाया जाता है। आप भी अपने परिवार के साथ यहां पर रावण दहन देखने जा सकते हैं।
लाल किला मैदान में जलता है रावण का पुतला
लाल किला मैदान रावण दहन के लिए काफी फेमस है। इस ऐतिहासिक मैदान में दशहरा का मेला देखने लोग बड़ी संख्या में दूर-दूर से आते हैं। यह दिल्ली के पुराने ग्राउंड में से एक है, जहां रावण का पुतला जलाया जाता है। यहां पर लव-कुश रामलीला समिति सालों से रामलीला का मंचन कर रही है।
नोएडा स्टेडियम में होगा रावण के पुतले का दहन
नोएडा स्टेडियम में हर साल दशहरा का भव्य आयोजन होता है। यहां पर मेला भी लगता है और रामलीला का मंचन भी होता है, जिसको देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। हर साल की तरह इस साल भी यहां रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पिछले साल यहां पर रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकरण और मेघनाद का पुतला क्रमशः 65 और 60 फीट का बनाया गया था।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भी रावण का दहन किया जाता है। इस स्टेडियम में रावण के पुतले को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। अगर आप भी रावण दहन देखना चाहते हैं तो दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जा सकते हैं।