Skin Problems in Pregnant Women: गर्भावस्था किसी भी महिला के लिए बहुत ही सुखद अहसास होता है, लेकिन दौरान उनके शरीर में कई बदलाव देखने को मिलते हैं। साथ ही साथ गर्भवती महिलाओं में बहुत तरह के हार्मोनल बदलाव भी आते हैं जिस वजह से उनकी स्किन में भी कई तरह के परिवर्तन होते हैं। प्रेग्नेंसी के समय महिलाओं को अपनी सेहत के साथ ही स्किन का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। ऐसे में जानिए गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को त्वचा संबंधी किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, साथ ही क्या हैं इनसे बचने के उपाय।
निकल सकते हैं अधिक मुहांसे: प्रेग्नेंसी के समय होने वाले हार्मोनल चेंजेज से महिलाओं में मुहांसो की समस्या आम है। इन्हें देखकर घबराने ये चिड़चिड़ाने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है क्योंकि अपने ऊपर थोड़ा ध्यान देकर इससे बचा जा सकता है। मुंहासों की परेशानी से बचने के लिए गर्भवती महिलाओं को खूब पानी पीएं। साथ ही साथ, मीठी चीजें खाने से परहेज करें। इसके बावजूद अगर मुंहांसों में कमी नहीं आती तो भूल से भी उन्हें फोड़ने की कोशिश न करें। संभव हो तो दिन में दो बार किसी लैक्टिक-बेस्ड क्लींजर से अपना चेहरा धोएं।
पिगमेंटेशन की समस्या है आम: प्रेग्नेंसी के समय में पिगमेंटेशन या दाग धब्बों की समस्या आम है। हार्मोनल बदलाव की वजह से शरीर के कुछ हिस्सों का रंग दब जाता है और सांवला पड़ जाता है जिसे पिगमेंटेशन कहते हैं। पिगमेंटेशन का सबसे ज्यादा असर चेहरे और गर्दन की स्किन पर दिखता है। इससे बचने के लिए गर्भवती महिलाओं को धूप में कम निकलने की सलाह दी जाती है। अगर जाना बहुत जरूरी हो तो धूप से बचाव की पूरी तैयारी करके जाएं। कोई अच्छा सनस्क्रीन लगाना ऐसे समय में फायदेमंद हो सकता है, इसके अलावा आप धूप में निकलते समय हैट या छाते का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
पेट पर स्ट्रेचमार्क्स से नहीं घबराएं: जैसे-जैसे पेट में शिशु की ग्रोथ होते जाती है, वैसे ही पेट का आकार भी बढ़ता जाता है। पेट के बड़े होने से उसकी त्वचा खिंचने लगती है जिससे उसपर स्ट्रेच मार्क्स या निशान बढ़ते जाते हैं। इसके अलावा, पेट की स्किन में खिंचाव आने से महिलाओं को उसके आसपास के हिस्सों में खुजली की दिक्कत हो सकती है। इससे बचने के लिए आप ऑर्गेनिक तेल से त्वचा की मालिश कर सकती हैं। वहीं, डॉक्टर की सलाह पर भी आप कोई क्रीम या वैसलीन भी स्किन पर लगा सकती हैं। इससे खुजली और स्ट्रेचमार्क्स से राहत मिलती है।