देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर अपना प्रकोप दिखा रही है। रोजाना इस खतरनाक वायरस की चपेट में लाखों लोग आ रहे हैं। साथ ही सैकड़ों लोगों की मौत भी हो रही है। ऐसे में लोग अपनी इम्युनिटी यानी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए लाखों जतन कर रहे हैं। विशेषज्ञों का भी कहना है कि जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर है, उनके संक्रमण की चपेट में आने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

एक्सपर्ट्स भी ऐसी चीजें खाने की सलाह दे रहे हैं, जिनसे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो। तो आज हम आपको ऐसी चीजों के बारे में बताएंगे, जो आपकी इम्युनिटी को कमजोर कर सकते हैं। ऐसे में इन चीजों का भूलकर भी सेवन नहीं करना चाहिए।

शराब: बहुत ज्यादा शराब का सेवन शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसके अधिक सेवन से रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर भी हो सकती है। साथ ही यह आपके मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव डालती है। ऐसे में अल्कोहल के सेवन से बचना चाहिए।

धूम्रपान: धूम्रपान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। यह फेफड़ों और श्वसन प्रणाली को भी प्रभावित करता है। इसके कारण शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है।

फास्ट फूड: फास्ट फूड खाने से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है। इसके अलावा खाना पचने में भी दिक्कत होती है। फास्ट फूड में शुगर, सोडियम, सैचुरेटेड फैट अधिक मात्रा में मौजूद होते हैं, साथ ही इनमें फाइबर ना के बराबर होता है। ऐसे में नियमित तौर पर फास्ट फूड का सेवन नहीं करना चाहिए।

कैफीन: ज्यादातर चाय-कॉफी पीने से लोग ताजगी महसूस करते हैं। लेकिन इनमें कैफीन की मात्रा काफी अधिक होती है, जो खून में मिलकर पूरे शरीर में फैल जाता है। इससे आपकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है। ऐसे में आपको ज्यादा चाय और कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए।

प्रोसेस्ड मीट: प्रोसेस्ड मीट का सेवन करना कोरोना काल में खतरनाक साबित हो सकता है। क्योकि, यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर करता है। ऐसे में जितना हो सके, ताजा खाना ही बनाकर खाएं। यह आपकी इम्युनिटी को मजबूत करेगा।

तेल: ज्यादा तेल का सेवन आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। यह शरीर की प्रतिरक्षा तंत्र को कमजोर करता है। ऐसे में आपको ज्यादा तेल के सेवन से बचना चाहिए।