हेयर कलर आज के समय में ट्रेंड बन चुका है। महिला हों या पुरुष हर कोई अपने लुक को चेंज करने के लिए बालों में कलर कराना पसंद करता है। हालांकि, इसे लेकर ये भी कहा जाता है कि हेयर कलर कराने से बाल जल्दी सफेद होने लगते हैं। यानी कलर आपके बालों को समय से पहले ही सफेद बनाने लगता है। अब, सवाल उठता है कि क्या वाकई ऐसा है? क्या वाकई हेयर कलर बालों के सफेद होने की गति को बढ़ा देता है? आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-
इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर किसी के बाल सफेद क्यों होते हैं?
दरअसल, बालों के सफेद या काले होने के पीछे मेलेनिन जिम्मेदार होता है। हेयर फॉलिकल्स में मेलेनिन होता है, जिसके चलते ही हमारे बाल काले होते हैं। अब, जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे मेलेनिन की मात्रा कम होने लगती है। यही कारण है कि बूढे होने पर अधिकतर लोगों के बाल पूरी तरह सफेद हो जाते हैं। ये एक नेचुरल प्रक्रिया है, जो सिर से लेकर पूरे शरीर के बालों के साथ होती है।
वहीं, अगर किसी व्यक्ति के बाल कम उम्र में ही सफेद हो रहे हैं, तो इसके पीछे कई अन्य कारण जैसे- बहुत अधिक स्ट्रेस लेना, डाइट में जरूरी न्यूट्रिएंट्स की कमी होना, खराब लाइफस्टाइल या हार्मोनल इंबैलेंस, आदि जिम्मेदार हो सकते हैं। इससे अलग आनुवंशिकी कारण के चलते भी बाल जल्दी सफेद हो सकते हैं।
क्या हेयर कलर भी बालों को सफेद कर देता है?
बात हेयर कलर की करें, तो इसे लगाने से बाल सीधे तौर पर सफेद नहीं होते हैं। हालांकि, हेयर कलर अन्य कई तरीकों से बालों को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे बालों के डैमेज होने के चांस बढ़ जाते हैं।
बार-बाल कलर करने से बालों के क्यूटिकल्स (बालों की सबसे बाहरी परत) कमजोर होने लगते हैं। इससे ड्राई और रफ हेयर की परेशानी बढ़ जाती है, साथ बाल अपनी चमक खो देते हैं और बदरंग दिखने लगते हैं। इस स्थिति में अगर आपके बाल पहले से ही सफेद हैं, तो वे अधिक उभरकर सामने आ सकते हैं। ऐसे में आपको लग सकता है कि कलर करने के चलते आपके बाल ज्यादा सफेद हो रहे हैं।
फिर क्या नहीं करना चाहिए हेयर कलर?
एक्सपर्ट्स जल्दी-जल्दी बालों में कलर लगाने से बचने की सलाह देते हैं। इसके अलावा अगर आप कलर करा भी रहे हैं, तो इस स्थिति में आपको बालों की अधिक देखभाल करने की जरूरत होती है। हेयर केयर के लिए डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर चीजों को शामिल करें, साथ ही हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं। इससे बालों पर कलर से हुए डैमेज को कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा कलर कराते समय भी कुछ खास बातों पर ध्यान देना जरूरी होता है। यहां क्लिक कर पढ़ें- हेयर कलर कराते हुए किन 5 जरूरी बातों का रखें ख्याल? बाद में नहीं पड़ेगा पछताना
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।