त्योहार का सीजन चल रहा है। नवरात्रि, करवा चौथ के बाद अब धनतेरस (Dhanteras 2024) का पर्व आने वाला है। बता दें कि हर साल कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस मनाई जाती है। वहीं, इस साल यह खास तिथि 29 अक्टूबर, मंगलवार के दिन पड़ रही है यानी 29 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में लोग इसे लेकर तमाम तैयारियों में जुट गए हैं।

गौरतलब है कि धनतेरस के मौके पर लोग कई चीजें खरीदते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर किसी भी वस्तु की खरीदारी करने से धन में कई गुना अधिक वृद्धि होती है। इसमें भी खासकर सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। हालांकि, इस वक्त सोने के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में अगर इस साल आपका बजट कुछ टाइट है, तो ये आर्टिकल आपके बड़े काम का साबित हो सकता है। यहां हम आपको सोने की कुछ ऐसी चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप कम पैसों में खरीद सकते हैं।

धनतेरस पर कम पैसों में खरीदें सोने की ये चीजें

नोज रिंग या नोज पिन

आप सोने की नोज रिंग या नोज पिन खरीद सकते हैं। ये आपको कम दामों पर मिल जाएगी। 22 कैरट की नोज रिंग आपको 5 हजार से लेकर 7 हजार तक के दाम पर मिल सकती है।

अंगूठी

धनतेरस पर आप सोने की अंगूठी खरीद सकते हैं। 18 कैरट की सोने की अंगूठी की शुरुआत मात्र 11 हजार रुपये से हो जाती है। ऐसे में आप अपनी जेब पर अधिक भार न डालते हुए सोने की अंगूठी खरीद सकते हैं।

सोने के पेंडेंट

18 कैरट का गोल्ड का पेंडेंट आपको 11 हजार रुपये के आसपास मिल सकता है। ऐसे में आप धनतेरस पर सोने का पेंडेंट खरीद सकते हैं।

सोने का सिक्का

इन सब से अलग आप धनतेरस पर अपने बजट के मुताबिक 18 या 22 कैरेट का सोने का सिक्का खरीद सकते हैं। इसके लिए आपको अलग से मेकिंग चार्ज देने की भी जरूरत नहीं पडे़गी। इस तरह आप बिना अधिक पैसे खर्च किए धनतेरस पर सोना खरीद सकते हैं।