Navratri Kalash Decoration: चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से आरंभ होने जा रहे हैं। इस बार नवरात्रि 9 दिन की बजाए 8 दिन के होंगे। नवरात्रि के पहले दिन घर में घटस्थापना की जाती है। मंदिरों के अलावा घरों में भी भक्त माता की चौकी सजाते हैं। कलश स्थापना करके व्रत रखते हैं। अष्टमी और नवमी तिथि को कन्या पूजन किया जाता है। मातारानी की चौकी पर रखे जाने वाले कलश को सजाने का महिलाओं को शौक होता है। कई महिलाएं बाजार से इसे खरीदकर ले आती हैं। तो कई अपने हाथों से मैया को प्रसन्न करने के लिए कलश सजाती हैं। अगर आप भी घर पर ही कलश को डेकोरेट करना चाहती हैं तो यहां हम आपके लिए कुछ कलश सजाने के आइडिया लेकर आए हैं। इनके लिए आपको पेंट, स्टोन, मोती, लेस, रिबन और गोटा-पट्टी की जरूरत होगी।

सबसे पहले कलश को करें पेंट

अगर आप मिट्टी का कलश स्थापित करने वाली हैं तो इसे सजाने के लिए सबसे पहले मिट्टी के कलश को पेंट करना होगा। इसके बाद आप कलश पर अपनी पसंद अनुसार कोई सुंदर डिजाइन बना सकती हैं। इसके ऊपर आप फूल-पत्तियां बनाएं। या कोई शुभ मंत्र भी लिख सकती हैं।

स्टोन और मोतियों से करें सजावट

कलश को सजाने के लिए आप स्टोन और मोतियों का इस्तेमाल करें। घर में रखे स्टोन या मोती को भी ले सकती हैं। मोतियों को ग्लू की सहायता से चिपकाएं। इसको आप लड़ियों के रूप में या कोई डिजाइन बनाकर ऊपर से चिपका सकती हैं।

कलश को सुंदर बनाएगी लेस

आप साड़ियों में लगने वाली लेस से भी कलश को डेकोरेट कर सकती हैं। इसके ऊपर आप लेस को सीधा लपेट दें। या फिर इसे सुंदर दिखाने के लिए पेंसिल से कोई आकृति बनाकर उसके ऊपर से लेस लगाएं। ये दिखने में काफी यूनिक लगेगा।

रिबन और गोटा-पट्टी से करें डेकोरेट

चैत्र नवरात्रि के लिए आप कलश को सजाने के लिए रिबन और गोटा-पट्टी का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। सबसे पहले कलश को लाल कपड़े से लपेट दें। इसके बाद ऊपर से रिबन या लेस लगाकर इसे चिपका दें।