सुबह का नाश्ता हमारी मील का एक अहम हिस्सा होता है। समय से नाश्ता करने से पूरे दिन शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। हालांकि, भागदौड़ भरी जिंदगी में कम ही लोग हैं, जो सुबह के समय हेल्दी नाश्ता कर पाते हैं। अगर आप भी सुबह के लिए हेल्दी नाश्ता की तलाश में हैं, तो दलिया उपमा एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
दलिया उपमा में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इसमें फाइबर, आयरन और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और पूरे दिन ऊर्जा भी देता है। हम आपके लिए इस आर्टिकल में दलिया का उपमा तैयार करने की विधि के बारे में बताएंगे, जिसे आप आसानी से तैयार कर सकते हैं।
दलिया उपमा बनाने की सामग्री:
1 कप दलिया
हरी सब्जियां
एक प्याज
हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच राई
5 करी पत्
एक छोटा चम्मच अदरक
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच तेल
दो कप पानी
हरा धनिया
दलिया उपमा कैसे बनाएं?
दलिया उपमा तैयार करने के लिए आप सबसे पहले एक पैन में दलिया को हल्की आंच पर 5 मिनट तक भूनें। अब दूसरे पैन में तेल गर्म करें। उसमें राई डालें, फिर करी पत्ते, हरी मिर्च और अदरक डालकर भूनें। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक पकाएं।
अब आप इसमें हरी सब्जियां मिलाएं। आप इसमें गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च डाल सकते हैं। अब आप इसे कुछ समय तक पकाएं। अब इसमें भुना हुआ दलिया मिलाएं और ऊपर से 2 कप पानी भी डाल दें, साथ ही साथ इसमें स्वादानुसार नमक भी मिला दें। अब इसे 10 मिनट तक पकाएं। कुछ समय के बाद दलिया सारा पानी सोख ले और नरम हो जाए, तो गैस बंद कर दें। आप इसे हरा धनिया से गार्निश भी कर सकते हैं।