Coconut Ladoo Recipe (Nariyal Laddu): लंबे समय बाद देवोत्थान एकादशी पर देव उठने वाले हैं। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिरों में भक्तों भीड़ उमड़ती है। वहीं घरों में भक्त उनकी आराधना करते हैं। उन्हें तरह-तरह भोग अर्पित करते हैं और पूजा-पाठ करते हैं। इस बार आप देवोत्थान एकादशी पर घर में नारियल से लड्डू बनाकर भोग लगा सकते हैं। घऱ में बना प्रसाद न केवल पूरी तरह से शुद्ध होता है बल्कि स्वादिष्ट भी होता है। आइए जानें इसकी रेसिपी।

नारियल लड्डू बनाने की विधि | How to Make Nariyal Laddu

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

2 सूखे नारियल का बुरादा
2 छोटे चम्मच देसी घी
आधा कप दूध
1 कप चीनी
आधा कप मिल्क पाउडर

नारियल लड्डू कैसे बनाएं?

सबसे पहले नारियल का बुरादा तैयार करें। इसके बाद गैस पर कढ़ाही चढ़ाएं। लो फ्लेम पर कढ़ाही में 2 बड़े चम्मच घी डालें। घी गर्म होने पर नारियल का बुरादा डाल दें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह नीचे न लगे। गैस को मीडियम फ्लेम पर ही रखें। करछी से इसे लगातार चलाते रहें। इसमें घी की खुशबू आने और हल्का गोल्डन नजर आने पर दूध डाल दें। जब तक बुरादा पूरा दूध सोख ना लें, तब तक इसे लो फ्मेम पर इसको लगातार हल्के हाथों से चलाते रहें। इसके बाद चीनी मिला दें। जब चीनी बुरादे में घुल जाए तो ऊपर से मिल्क पाउडर एड करें। इसे भी चलाते रहें। मिल्क पाउडर डालने से लड्डू में खोवा जैसा स्वाद आ जाएगा। कढ़ाही में मिश्रण पूरी तरह सूख जाने के बाद गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर हाथों पर घी लगाकर लड्डू बनाएं।