साउथ इंडिया में नारियल की चटनी के बिना भोजन अधूरा माना जाता है। इडली, डोसा, वडा या उत्तपम के साथ नारियल की चटनी होने से टेस्ट कई गुना बढ़ जाता है। सफेद नारियल से बनी यह चटनी स्वाद में तो लाजवाब होती ही है, साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।

कई लोग नाश्ते में इडली खाना पसंद करते हैं। ऐसे में आप इसके साथ नारियल की चटनी बना सकते हैं। साउथ इंडियन घरों में नारियल की चटनी हर रोज बनाई जाती है। इसे आप भी घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए खास रेसिपी लेकर आए हैं, जिससे इसका स्वाद रेस्टोरेंट जैसा लगेगा।

नारियल की चटनी बनाने की सामग्री

1 कप नारियल
2 हरी मिर्च
1 छोटा टुकड़ा अदरक
2 बड़े चम्मच भुनी हुई चना दाल
2 बड़े चम्मच दही
नमक
पानी

तड़का लगाने की सामग्री

1 बड़ा चम्मच तेल
7–8 करी पत्ते
आधा चम्मच राई
2 सूखी लाल मिर्च

साउथ इंडियन नारियल की चटनी कैसे बनाएं?

सबसे पहले मिक्सर जार में कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें। अब इसमें हरी मिर्च, अदरक और भुनी हुई चना दाल डालें। नमक और थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें। अगर आप इसे हल्का क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो इसमें दही डाल सकते हैं। अब इस पेस्ट को बाउल में निकाल लें।

चटनी में लगाएं तड़का

अब चटनी में तड़का लगाएं, इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा। इसके लिए एक छोटी कढ़ाई में तेल गरम करें। उसमें राई डालें। जब यह चटकने लगे तो करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च डाल दें। हल्का भूनकर यह तड़का चटनी के ऊपर डालें और अच्छे से मिक्स कर लें। इस तरह कुछ ही देर में स्वादिष्ट नारियल की चटनी तैयार हो जाएगी।