गर्मियां शुरू होते ही घरों में छोटे-मोटे कीड़े मकोड़ों का आतंक देखने को मिलने लगता है। खासकर गर्मियों में कॉकरोच सबसे ज्यादा परेशान करते हैं। ये किचन, बाथरूम और स्टोर रूम में पनपते हैं, जिससे सेहत को नुकसान पहुंचने का खतरा अधिक बढ़ जाता है। वहीं, इनसे छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। बावजूद इसके समस्या का हल नहीं निकल पाता है। ऐसे में अगर आप भी घरों में इधर-उधर घूमते और बीमारी फैलाते कॉकरोचों से परेशान हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे कमाल के घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप आसानी से इस परेशानी से निजात पा सकते हैं।

क्यों जरूरी है घर से कॉकरोच भगाना?

कॉकरोच ना सिर्फ दिखने में गंदे लगते हैं, बल्कि ये अपने साथ तमाम तरह की बीमारियां लेकर आते हैं। रात के अंधरे में ये घर के बर्तनों और सिंक में गंदगी पीछे छोड़ जाते हैं जो आमतौर पर नजर नहीं आती है। वहीं, इन बर्तनों में खाना खाना फूड पॉइजनिंग का कारण बनता है। इतना ही नहीं, कॉकरोच का छुआ कुछ खा लेने से एलर्जी, रेशेज, आंखों से पानी आने की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में इनसे छुटकारा पाना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं कुछ तरीके जो घर के कौने-कौने से कॉकरोच भगाने में असरदार साबित हो सकते हैं।

केरोसिन ऑयल:

केरोसिन ऑयल की स्ट्रांग स्मेल कॉकरोचों को भगाने में आपकी मदद कर सकती है। इसके लिए आप केरोसिन ऑयल को एक स्प्रे बोटल में भरकर उन जगहों पर स्प्रे कर दें जहां कॉकरोच सबसे ज्यादा दिखाई देते हैं। आप चाहें तो इसका इस्तेमाल सिंक के पाइप में भी कर सकते हैं। ऐसा करने पर कॉकरोच वहां ज्यादा देर तक छिप नहीं पाएंगे और इस तरह आप उनसे निजात पा सकते हैं।

नीम:

नीम में कीटनाशक गुण होते हैं। कॉकरोचों से छुटकारा पाने का ये एक बेहतरीन उपाय साबित हो सकता है। इसके लिए आप नीम के पत्तों का पाउडर तैयार कर लें। इसके बाद रात के समय इस पाउडर को कॉकरोच के छिपने वाले ठिकानों पर छिड़क दें। नीम की स्मेल के चलते कॉकरोच फिर दोबारा उस जगह पर नहीं आएंगे।

बेकिंग सोडा:

कॉकरोच भगाने के लिए बेकिंग सोडा भी आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में आधा चम्मच शक्कर मिलाकर घर के कौनों और किचन में छिड़क दें। शक्कर के चलते कॉकरोच उस जगह पर आएंगे हालांकि, उसके साथ मिला बेकिंग सोडा कॉकरोचों को मारने का काम करेगा।

बोरिक पाउडर:

घर के जिस कौने में आपको कॉकरोच दिखें वहां बोरिक पाउडर का छिड़काव कर दें। ऐसा करने पर भी इनसे हमेशा के लिए छुटकारा पाया जा सकता है। हालांकि, ध्यान रहें कि जिस कमरे में इसका प्रयोग किया गया हो उस कमरे का दरवाजा बंद रहे। या घर में मौजूद पालतू जानवर और बच्चे इसके आसपास ना जाएं।

वाइट सिमेंट आएगा काम:

इन सब के अलावा किचन की सिंक, टेबल, फर्नीचर आदि में किसी तरह की दरार होने पर कॉकरोच छिपने के लिए उन जगहों का सहारा लेते हैं। इन दरारों में छिपने के बाद कॉकरोज वहीं अंडा देते हैं। ऐसे में आप इन दरारों को भरकर भी कॉकरोचों से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए आप वाइट सिमेंट या एमसील की मदद ले सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।