Bihar Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव में कल (7 नवंबर को) आखिरी चरण के लिए मतदान होगा। इस विधानसभा चुनाव में कई दिग्गजों और राजनीतिक पार्टियों की साख दांव पर है। यह विधानसभा चुनाव एलजेपी और चिराग पासवान का राजनीतिक भविष्य भी तय करेगा। इस बार लोक जनशक्ति पार्टी अकेले चुनावी मैदान में है। एलजेपी इसबार रामविलास पासवान के बिना चुनाव लड़ रही है।

पार्टी की सारी जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के कंधों पर है। हालांकि चिराग पासवान को चचेरे भाई और एलजेपी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज का बखूबी साथ मिल रहा है। प्रिंस राज रामविलास पासवान के भतीजे हैं, वो रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान के बेटे हैं। रामचंद्र पासवान के निधन के बाद प्रिंस राज समस्तीपुर लोकसभा सीट से उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे।

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं प्रिंस राज: 2019 में समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के मुताबिक प्रिंस राज 1.65 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक चिराग पासवान के चचेरे भाई प्रिंस राज पर 63 लाख रुपए की चल संपत्ति और 1.02 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उस समय उनके पास नकदी के तौर पर 1.5 लाख रुपए थे।

प्रिंस राज के पास कृषि जमीन भी है। इतना ही नहीं प्रिंस राज के पास 8.5 लाख रुपए के आभूषण भी हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रिंस राज ने पास फोर्ड की एक कार है जिसकी कीमत 31 लाख रुपए बताई गई थी। इसके अलावा समस्तीपुर लोकसभा उपचुनाव के दौरान प्रिंस राज पर 20 लाख रुपए की देनदारी भी थी।

चिराग और कृष्ण राज से कम संपत्ति के मालिक हैं प्रिंस: 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान जमुई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते वक्त दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक चिराग पासवान पर 1.85 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। प्रिंस राज के भाई कृष्ण राज भी इस बार रोसड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक कृष्ण राज पर भी लगभग 1.85 करोड रुपए की संपत्ति है।

प्रिंस राज अपने चचेरे भाई चिराग पासवान ‌और भाई कृष्ण राज से कम संपत्ति के मालिक हैं। आपको बता दें प्रिंस राज ने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से बीबीए और हर्टफोर्डशायर यूनिवर्सिटी लंदन से इंटरनेशनल बिजनेस में एमएससी की पढ़ाई की है।