Chhath Puja 2025 Rasiya Recipe: छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में हर दिन प्रसाद में कुछ अलग-अलग बनाया जाता है। छठ के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन प्रसाद में रसियाव भात (रसिया) बनता है, जिसे मिट्टी के चुल्हे पर तैयार किया जाता है। ऐसे में अगर आप भी छठ व्रत रख रही हैं, तो हम आपके लिए रसिया बनाने की रेसिपी लेकर आए हैं, जिसे आप आसानी से तैयार कर सकती हैं।

खरना का प्रसाद- रसिया भात

रसिया भात छठी माता को अर्पित किया जाने वाला पारंपरिक प्रसाद है, जो खासतौर पर खरना के दिन बनाया जाता है। यह गुड़ से बनी खीर होती है, जिसे चावल या दरदरे गेहूं से तैयार किया जाता है। इसे पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर पकाया जाता है और केले के पत्ते पर भोग के रूप में सजाया जाता है। भोग में घी लगी रोटी भी शामिल होती है, जिस पर खीर रखी जाती है। अंत में इसे पानी के साथ अर्पित कर भगवान को भोग लगाया जाता है।

रसिया बनाने की सामग्री

चावल या दरदरा गेहूं
दूध
गुड़
इलायची
पानी

रसिया बनाने का तरीका

रसिया, जिसे कई जगहों पर रसियाव भी कहा जाता है, बनाने के लिए सबसे पहले पानी में चावल या दरदरे गेहूं के टुकड़ों को अच्छी तरह पकाया जाता है। जब ये पूरी तरह गल जाएं, तो इसमें गुड़ या गुड़ का पाउडर डालकर मिलाया जाता है और दोनों को अच्छे से पकाया जाता है।

इसके बाद, जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए, तो इसमें दूध मिलाया जाता है और इलायची पाउडर डालकर खीर तैयार की जाती है। तैयार खीर को केले के पत्ते पर रखी रोटी पर घी लगाकर भोग के रूप में सजाया जाता है। इसके साथ केला छीलकर रखा जाता है और फिर इसे भगवान को अर्पित किया जाता है। प्रसाद के रूप में भोग लगाने के बाद इसे सभी श्रद्धालु ग्रहण करते हैं।