आचार्य चाणक्य महान शिक्षक होने के साथ-साथ एक राजनीतिज्ञ भी थे, जो जीवन के व्यवहारिक पहलुओं को भी गहराई से समझते थे। उनकी बताई चाणक्य नीति आज भी काफी प्रासंगिक है, जो जीवन को दिशा देने का काम करती है।

आचार्य चाणक्य का मानना था कि जीवन में सफलता पाने के लिए यह समझना जरूरी है कि किस पर भरोसा करना चाहिए और किस पर नहीं। ऐसे में अगर आप भी बिना सोचे-समझे किसी पर भरोसा कर लेते हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। चाणक्य नीति के मुताबिक कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिन पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

स्वार्थी व्यक्ति पर न करें भरोसा

आचार्य चाणक्य के मुताबिक, स्वार्थी व्यक्ति पर कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए। स्वार्थी व्यक्ति अपने स्वार्थ के लिए ही आपके साथ रहता है और काम निकल जाने के बाद आपका साथ नहीं देता। ऐसे लोग मुश्किल वक्त में आपका साथ कभी नहीं देते हैं।

लालची व्यक्ति पर नहीं करना चाहिए भरोसा

लालच इंसान को कमजोर करता है। चाणक्य के अनुसार, जो व्यक्ति पैसे या लाभ के लिए कुछ भी करने को तैयार रहता है, वह किसी का सच्चा मित्र नहीं हो सकता। ऐसे लोग अपने फायदे के लिए आपको भी धोखा दे सकते हैं।

अधिक बात करने वालों से बनाएं दूरी

अधिक बात करने वाले लोगों पर भी भरोसा नहीं करना चाहिए। जो व्यक्ति हर बात में दूसरों के राज खोल देता है, वह कभी भी आपका भेद नहीं रख सकता। इस तरह के लोग आपकी निजी बात भी दूसरों को बता सकते हैं।

क्रोध करने वाले लोगों से रहें सावधान

क्रोध करने वाले लोगों से भी आपको दूरी बनाकर रखना चाहिए। इस तरह के लोग गुस्से में गलत फैसले लेते हैं, जिसके कारण आपको भी परेशानी हो सकती है।

झूठे व्यक्ति पर न करें भरोसा

आचार्य चाणक्य के मुताबिक, झूठे लोगों पर कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए। इस तरह के लोग कभी भी आपके विश्वास को तोड़ सकते हैं।