मुंह से बदबू आना (Halitosis) एक आम समस्या है, जो किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। आमतौर पर ओरल हेल्थ पर ध्यान न देने पर लोग इस समस्या से परेशान रहते हैं और इसके चलते उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, कई बार लोगों की शिकायत होती है कि रोज ब्रश करने और ओरल हाइजीन का ठीक तरह से ख्याल रखने के बाद भी उन्हें अक्सर सांसों से आने वाली इस दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो यहां हम आपको इसके पीछे एक अन्य सांभावित कारण के बारे में बता रहे हैं।

इस कारण भी आ सकती है मुंह से बदबू

कई रिपोर्ट्स के नतीजे बताते हैं कि बॉडी में विटामिन डी की कमी भी हर समय सांसों से आने वाली दुर्गंध का कारण बन सकती है। आइए जानते हैं कैसे, साथ ही जानेंगे विटामिन डी की कमी को पूरा करने के कुछ आसान तरीके-

कैसे मुंह में बदबू का कारण बनती है विटामिन डी की कमी?

  • दरअसल, बॉडी में विटामिन डी की कमी से ड्राई माउथ की समस्या बढ़ने लगती है, जो बदबू में योगदान कर सकता है। आसान भाषा में कहें, तो विटामिन डी की कमी से लार में कैल्शियम और फ़ॉस्फ़ेट का स्तर कम हो जाता है, इससे लार की संरचना में बदलाव आता है और लार का प्रवाह कम होने लगता है।
  • इसके अलावा विटामिन डी की कमी से मुंह के घाव और मसूड़ों में सूजन की समस्या बढ़ सकती है, जो भी बदबू का कारण बन सकते हैं।
  • वहीं, बच्चों में विटामिन डी की गंभीर कमी से दांतों की खराबी हो सकती है, जिससे कैविटी का खतरा बढ़ जाता है और मुंह से बदबू आने लगती है।

इस तरह पाएं छुटकारा?

इस तरह की समस्या होने पर सबसे पहले बॉडी में विटामिन डी का लेवल चैक करवाएं। अगर स्तर कम है, तो आप कुछ नेचुरल तरीके अपनाकर इस कमी को पूरा कर सकते हैं। जैसे-

  1. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच धूप लेने पर शरीर को सबसे ज़्यादा विटामिन डी मिलता है।
  2. वहीं, अगर आप धूप में बैठने का समय नहीं निकाल पा रहे हैं, तो इस स्थिति में आप विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे मछली, अंडे, मशरूम, दूध, दही, संतरे आदि का सेवन कर सकते हैं। इससे आपको जल्द ही समस्या का समाधान मिल सकता है।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- सुबह खाली पेट खाना शुरू कर दें ये 8 ड्राई फ्रूट्स, घटने लगेगी शरीर की जिद्दी चर्बी