शादी का सीजन जारी है। ऐसे में अगर आप भी इस सीजन दुल्हन बनने वाली हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है। गौरतलब है कि अपनी शादी के मौके पर महिलाएं खूब सजती-संवरती हैं, 16 श्रृंगार करती हैं। वहीं, इन 16 श्रृंगारों में से एक मेहंदी भी है। इतना ही नहीं, शादी के मौके पर मेहंदी लगाना रिवाज का हिस्सा माना जाता है। वहीं, मेहंदी वाले हाथ-पैर महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम भी करते हैं।

हालांकि, कई महिलाओं की शिकायत होती है कि उनके हाथों या पैरों पर मेहंदी का रंग ज्यादा चढ़ता नहीं है। ऐसे में वे चाहे कितने ही खूबसूरत मेहंदी डिजाइन क्यों न बनवा लें, ये फीके से ही नजर आते हैं। इसी कड़ी में यहां हम आपके लिए 10 आसान हैक्स लेकर आए हैं। अगर आपके हाथों पर भी मेहंदी नहीं चढ़ती है, तो आप ये तरीके आजमा सकती हैं। इससे आपको मेहंदी का रंग डार्क करने में मदद मिल सकती है, तो आइए एक नजर डालते हैं इनपर-

मेहंदी को डार्क करने के लिए अपनाएं ये हैक्स-

फ्रेश मेहंदी का करें इस्तेमाल

कई बार लोग बाजार से मेहंदी खरीदकर लाते हैं और इसे फ्रिज में रख देते हैं। हालांकि, ऐसा करने से मेहंदी सूखने लगती है, जिससे इसका रंग चढ़ नहीं पाता है। ऐसे में फ्रिज में रखी मेहंदी का इस्तेमाल करने से बचें। इससे अलग बाजार से लाई फ्रेश मेहंदी ही हाथों पर लगाएं।

घर पर बनाएं मेहंदी

अगर आपको बाजार से फ्रेश मेहंदी नहीं मिल पा रही है, तो आप इसे घर पर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए लोहे की कड़ाही लें और इसमें 2 कप पानी डालकर गर्म कर लें। इसके बाद पानी में 2 चम्मच आंवला पाउडर और 2 चम्मच चायपत्ती डालकर अच्छी तरह उबाल लें। तैयार पानी में 2 चम्मच मेहंदी पाउडर मिलाएं। इसके बाद इसमें 2 चम्मच भृंगराज पाउडर, 2 चम्मच शिकाकाई पाउडर और 1 चम्मच चुकंदर का पाउडर मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह चलाएं और आपकी मेहंदी तैयार हो जाएगी।

मेहंदी का तेल

हाथों में मेहंदी लगवाने से पहले आप मेहंदी का तेल लगाकर हल्की मसाज कर सकते हैं। आपको बाजार से ये तेल बड़ी ही आसानी से मिल जाएगा। इस तेल को लगाने से भी मेहंदी का रंग अधिक गाढ़ा चढ़ता है।

लौंग की भाप लें

मेहंदी लगाने के बाद तवे पर 7-8 लौंग डालकर गर्म कर लें। इसके बाद गर्म लौंग की भाप से हाथों की सिकाई करें। ऐसा करने से भी मेहंदी का रंग डार्क हो जाता है।

चीनी और नींबू का मिश्रण

आधे नीबूं के रास में थोड़े चीनी के दाने डालें और एक घोल तैयार कर लें। अब, इस घोल को कॉटन की मदद से मेहंदी पर लगाएं। इससे भी मेहंदी का रंग गाढ़ा हो जाता है।

नीलगिरी तेल

मेहंदी लगाने के बाद आप हाथों पर नीलगिरी तेल लगाकर मसज कर सकते हैं। नीलगिरी का तेल भी हाथों पर मेहंदी के रंग को चढ़ाने में मदद करता है।

सरसों का तेल

अगर आपको नीलगिरी का तेल नहीं मिल रहा है, तो आप सरसों के तेल को हल्का गर्म कर इसे हाथों पर लगा सकते हैं।

अचार का तेल

मेहंदी वाले हाथ धोने के बाद आप इनपर अचार का तेल लगा सकते हैं।

विक्स

विक्स लगाने से भी मेहंदी का रंग गाढ़ा होने लगता है। ऐसे में आप हाथों पर विक्स लगा सकते हैं।

चूना

इन सब से अलग हाथों पर चूना लगाने से भी इसका रंग गहरा हो सकता है। ऐसे में आप इस ट्रिक को भी आजमाकर देख सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।