चंद्रग्रहण (Chandra Grahan) का खगोलीय और धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व होता है। इसका असर देश और दुनिया दोनों पर देखने को मिलता है। हिंदू धर्म में ग्रहण काल को अशुभ माना जाता है। यह हमारे घर और शरीर की ऊर्जा पर भी असर डालता है। इस दौरान पूजा-पाठ से लेकर मंदिरों तक के कपाट बंद हो जाते हैं।
साल का दूसरा और आखिरी चंद्रग्रहण रविवार, यानी 07 सितंबर को लगने वाला है। ऐसे में ग्रहण खत्म हो जाने के बाद घर का पॉजिटिव माहौल फिर से लौटाना जरूरी होता है। दरअसल, ग्रहण के दौरान घर में निगेटिव एनर्जी का वास हो जाता है। ऐसे में आप कुछ खास उपाय फॉलो कर ग्रहण के बाद अपने घर और मंदिर की सफाई आसानी से कर सकते हैं और घर के माहौल को फिर से पॉजिटिव बना सकते हैं।
घर की करें डीप क्लीनिंग
ग्रहण के बाद घर के सभी कमरों, आंगन और मंदिर की सफाई जरूर करें। इस दौरान पोंछा अवश्य लगाएं। पोंछा लगाते समय पानी में हल्का नमक डालें, इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है। साफ-सफाई के बाद दरवाजों और खिड़कियों को खोल दें। इससे ताजी हवा घर के अंदर आएगी, और घर का माहौल शांत व एनर्जी से भरपूर हो जाएगा।
घर का करें शुद्धिकरण
घर की सफाई करने के बाद शुद्धिकरण करना जरूरी होता है। इसके लिए आप गंगाजल का उपयोग कर सकते हैं। घर और मंदिर की सफाई के बाद गंगाजल का छिड़काव करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मंदिर की करें सफाई
ग्रहण के बाद मंदिर की खासतौर पर सफाई करें। पूजा स्थान को अच्छे से साफ करें और वहां रखे फूल, माला और पुराने दीपक को हटा दें। इस दौरान भगवान की मूर्तियों को भी अच्छी तरह साफ करें। अंत में मंदिर में गंगाजल का छिड़काव करें।
घर में जलाएं धूप और दीपक
ग्रहण के बाद घर के माहौल को शांत करने के लिए कमरे में धूप और दीपक जलाएं। यह घर में सकारात्मकता और शांति बनाए रखने में मदद करता है।
बचे हुए खाने को न खाएं
ग्रहण के बाद बचे हुए खाने को नहीं खाना चाहिए। ताजा भोजन बनाकर ही खाएं, क्योंकि ग्रहण के दौरान बचा हुआ खाना अशुद्ध हो जाता है।
ग्रहण के बाद जरूर करें स्नान
ग्रहण के बाद घर के सभी सदस्यों को स्नान अवश्य करना चाहिए। इससे शरीर और मन दोनों शुद्ध होते हैं। आप ग्रहण के बाद दान भी कर सकते हैं।
साउंड हीलिंग का करें उपयोग
माना जाता है कि ग्रहण के दौरान घर में निगेटिव एनर्जी का वास होता है। ऐसे में घर के माहौल को शांत और पॉजिटिव बनाने के लिए साउंड हीलिंग टेक्निक का उपयोग करें। इस दौरान घर में शंख या घंटी बजा सकते हैं। इससे मन भी शांत होता है।