साग, उन हरी सब्जियों में से एक है जो कि सेहत के लिए कई प्रकार से काम करते हैं। साग चाहे जिस चीज का हो इनमें कई प्रकार से विटामिन और मिनरल्स होते हैं जो कि सेहत के लिए अलग-अलग प्रकार से काम कर सकते हैं। हालांकि, साग का नाम आते ही दिमाग में सिर्फ सर्दियां आती हैं जबकि गर्मियों के मौसम में भी आप साग खा सकते हैं। दरअसल, गर्मियों में आप पटुआ साग खा सकते हैं जो कि इस मौसम में खासतौर पर मिलते हैं। इस साग को आम भाषा में पट्टशाक(jute leaves benefits) भी कहते हैं, आइए जानते है इसे बनाने का तरीका और खाने के फायदे।
पटुआ का साग कैसे बनाएं-Patua ka saag recipe in hindi
गर्मियों में पटुआ साग को आप दो तरीके से बना सकते हैं। पहला तो दही के साथ और दूसरा, आप इसे कच्ची अमिया के साथ मिलाकर बना सकते हैं।
दही के साथ पटुआ साग बनाने की रेसिपी
आप पटुआ साग को दही के साथ मिलाकर बना सकते हैं। आपको करना ये है कि पटुआ साग को चुनकर और धोकर रख लें। इसके बाद लहसुन और टमाटर की काटकर रख लें। अब एक पैन में थोड़ा सा तेल डालें और इसे गर्म होने दें। फिर इसमें सरसों के दाने डालें और लहसुन और टमाटर डालें। नमक डालें और बाकी मसालों को थोड़ा-थोड़ा डालें। अब इसमें साग डालें और ढक दें। जब भाप की मदद से ये पक जाए तो इसमें दही मिला दें और फिर से पकाएं। जब ये पूरी तरह से पक जाए तो गैस ऑफ करें और फिर साग को सर्व करें।
कच्ची अमिया के साथ कैसे बनाएं ये साग
इस साग को आप कच्ची अमिया के साथ मिलाकर भी बना सकते हैं। इसके लिए 1 कच्ची अमिया को काटकर, पटुआ साग के साथ पीस लें। अब सरसों के दाने, प्याज, लाल मिर्च और लहसुन व टमाटर के साथ इस साग को भूनकर पकाएं। जब ये अच्छी तरह से पक जाए तो इसे सर्व करें। इस प्रकार से आप इसे साग को दो तरीके से बना सकते हैं।
पटुआ साग खाने के फायदे
पटुआ साग शरीर के लिए ठंडा है,तो इससे शरीर को विटामिन ए और सी भी मिलता है। दूसरा, इसमें आयरन की अच्छी मात्रा है जो कि शरीर में खून बढ़ाने के साथ कई बीमारियों से बचाने वाला है। इसके अलावा वेट लॉस करने वाले लोग भी इस साग को खा सकते हैं। तो, अगर आपने आजतक इस साग को नहीं ट्राई किया है तो एक बार जरूर ट्राई करें।