Belly Fat Reduce Exercise : भागमभाग भरी जीवनशैली की वजह से बहुत कम ही लोग ऐसे होते हैं, जो अपनी सेहत का कायदे से ध्यान रख पाते हैं। आधुनिकता और तकनीक ने हमारी सहूलियत तो बढ़ा दी है, लेकिन फिजिकल एक्टिविटी कम कर दी है। खान-पान भी बदल गया है। इन सबका नकारात्मक असर सेहत पर दिखता है। जिसमें वजन बढ़ने की समस्या सबसे आम है।
ज्यादातार लोगों में पेट के आस-पास चर्बी तेजी से बढ़ने लगती है। इससे हमारे लुक पर असर तो पड़ता ही है। साथ ही हम कई तरह की बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। इसलिए बैली फैट को कम करना बहुत जरूरी है। डाइट और एक्सरसाइज का ध्यान रखकर बेली फैट को कम कर सकते हैं।
प्लैंक – यह बहुत ही आसान सा व्यायाम है। इससे पेट की चर्बी घटती है। साथ ही शरीर का संतुलन भी बेहतर होता है। इसे करने के लिए आप पुशअप की अवस्था में आ जाएं। फिर पूरे शरीर का भार हाथों पर डालते हुए शरीर को एक सीध में रखें। इस दौरान अपनी कोहनी और पंजा ज़मीन पर रखें और बाकी शरीर हवा में उपर की तरफ़। आप जितनी देर चाहें, शरीर को इस अवस्था में रख सकते हैं।
स्क्वेट – फ्लैट पेट के लिए इसे बेहद लाभदायक माना जाता है। इसे करने के लिए आप जमीन पर खड़े हो जाएं। इसके बाद दोनों हाथों को आगे सीधा रखते हुए घुटनों को मोड़ लें। आपको बैठना नहीं है, बस झुकना है। कुछ सेकेंड इसी पोजिशन में रहें फिर आराम की अवस्था में आ जाएं। इसे आप जितनी बार चाहें दोहरा सकते हैं।
बेसिक क्रंच – यह बहुत ही आसान और प्रचलित एक्सरसाइज है। आप पीठ के बल मैट पर लेट जाएं और दोनों घुटनों को मोड़ लें। फिर अपनी कोहनियों को मोड़ते हुए गर्दन के पीछे हाथ रखें। अब सांस लेते हुए निचले हिस्से को स्थिर रखें और शरीर के ऊपरी हिस्से को उठाने की कोशिश करें। इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक स्थिति में आ जाएं। यह प्रक्रिया आप कुछ मिनट तक दोहरा सकते हैं।
स्काईडाइवर – इसे करने से हमारे पेट की मांसपेशियों में तनाव उत्पन्न होता है जिससे पेट की चर्बी कम होती है। इस एक्सरसाइज को करने के लिए आप पेट के बल मैट पर लेट जाएं। अब दोनों घुटनों से पैरों को मोड़ लें और हाथ को कंधों को कंधों के समान रखें। अब अपने पैरों को ऊपर की तरफ़ उठाने की कोशिश करें और हाथों को भी ऊंचा उठाएं जैसे कि आप हवा में हों। कुछ समय बाद अपनी प्रारम्भिक स्थिति में लौट आएं। इसे आप 8 – 10 बार दोहराएं। इसके अलावा आप स्विमिंग, रनिंग आदि से भी अपना बेली फैट कम कर सकते हैं।