Arjun Kapoor Fitness: हाल में ही आई फिल्म सरदार का ग्रैंडसन में नजर आए अर्जुन कपूर सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहते हैं। अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग अर्जुन का वजन एक समय पर 140 किलो था। 22 साल की उम्र में भारी भरकम शरीर वाले अर्जुन ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले अपना 50 किलो वेट कम किया। आज अपनी फिगर और ऐब्स के कारण लड़कियां उनकी दीवानी हैं।
आज अपनी एक्टिंग और फिटनेस की वजह से अर्जुन कपूर के लाखों फैंस हैं लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब खुद वो मोटापे के शिकार थे। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने इस शरीर के साथ समझौता भी कर लिया था। बताया जाता है कि वो हर समय खुद को मनाने की कोशिश करते थे कि वो खुश हैं। लेकिन अंदर ही अंदर उनकी चाहत परफेक्ट बॉडी पाने की थी। आइए जानते हैं कि अर्जुन ने कैसे अपना वजन 140 किलो से कम किया।
कैसे बढ़ गया था वजन: नेटफ्लिक्स के शो Star Vs Food में अपनी कुकिंग का जलवा दिखा चुके अर्जुन कपूर ने खुद की फिटनेस का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि बचपन से ही उनका वजन ज्यादा था लेकिन बड़े होने पर जब उनके माता-पिता अलग हो गए तो इमोशनल और बिंज ईटिंग के कारण उनका वजन जरूरत से ज्यादा हो गया। ओवर ईटिंग के कारण तेजी से उनका वजन बढ़ता गया जो एक समय पर 140 किलो हो गया।
इस फेमस एक्टर ने किया इंस्पायर: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अर्जुन कपूर अपनी फिटनेस के लिए सलमान खान को श्रेय देते हैं। बताया जाता है कि उन्होंने अर्जुन से कहा था कि ‘फिल्मों में आना चाहते हो तो वजन कम करो’। कहा जाता है कि शुरुआती दिनों में खुद सलमान अर्जुन की डाइट और एक्सरसाइज का ध्यान रखते थे, जिससे उन्होंने 2 साल में करीब 50 किलो वजन कम किया था।
रूटीन में शामिल किया एक्सरसाइज और हेल्दी डाइट: वजन कम करने के लिए अर्जुन कपूर ने एक्सरसाइज के साथ ही हेल्दी डाइट पर भी जोर दिया। उन्होंने वेट ट्रेनिंग, कार्डियो, क्रॉस फिट एक्सरसाइज के जरिये वजन पर संतुलन बनाने का प्रयास किया। इसके अलावा उन्होंने पुलअप्स, बैंच प्रेसेस, डेडलिफ्ट्स और स्क्वैट्स का भी सहारा लिया।
सप्ताह में 5 दिन करीब हर व्यायाम 20 मिनट तक करने के साथ उन्होंने चावल और चीनी से पूरी तरह परहेज कर लिया। उनकी डाइट में टोस्ट, 4-6 अंडे, रोटी, दाल, सब्जी और मछली शामिल है।
