Bihar Election 2020: बिहार में राजनीति में बाहुबलियों की मजबूत पकड़ है। बाहुबली बिहार में विधानसभा से लोकसभा तक का चुनाव जीतते रहे हैं। इस विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों ने बाहुबली नेताओं को टिकट दिए हैं। ऐसे ही एक बाहुबली नेता हैं नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह। बोगो सिंह नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर बेगूसराय की मटिहानी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह पिछले 15 साल से मटिहानी से विधायक हैं।

बता दें कि 2005 में बोगो सिंह निर्दलीय चुनाव जीते थे, जबकि 2010 और 2015 में बोगो सिंह जेडीयू के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं बोगो: मटिहानी से चुनाव लड़ रहे बोगो सिंह के पास करोड़ों रुपयों की संपत्ति है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक बोगो सिंह पर 7.71 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। जिसमें 1.28 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 6.43 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है।

इसके अलावा बाहुबली बोगो सिंह पर 2 लाख रुपए की नकदी भी है। बोगो सिंह के पास स्कॉर्पियो और इनोवा क्रेस्टा गाड़ी भी है। उन के पास 300 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 15 लाख रुपए बताई गई है। बाहुबली विधायक बोगो सिंह ने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके पास एक एनपी बोर पिस्टल भी है। 2015 विधानसभा चुनाव के दौरान बोगो सिंह 5.61 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक थे।

इस बार आसान नहीं है राह: तीन बार से विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह को इस बार कड़ी टक्कर मिलती नजर आ रही है। मटिहानी विधानसभा सीट पर उनका मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार राजेन्द्र प्रसाद सिंह ‌से है, जो महागठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार हैं। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के राज कुमार सिंह से भी चुनावी मैदान में हैं। 2015 विधानसभा चुनाव में बोगो सिंह ने भाजपा के सर्वेश सिंह को 22 हज़ार वोटों से हराया था।

अफसरों पर बयान को लेकर भी आए थे चर्चा में: विधायक बोगो सिंह के तेवर ऐसे हैं कि वो अपनी सरकार के अफसरों हड़का देते हैं। कोरोना लॉकडाउन के दौरान बोगो सिंह ने अफसरों को ‘कफन चोर’ तक कह दिया था। कोरोना लॉकडाउन के दौरान बोगो सिंह अपनी विधानसभा को खुद सैनिटाइज करने के लिए भी निकल गए थे।