गर्मियों में पर्याप्त हाइड्रेशन की जरूरत होती है। इसके लिए हेल्थ एक्सपर्ट्स समय-समय पर पानी पीने की सलाह देते हैं। हालांकि, अगर आप उन लोगों में से एक हैं, जो अधिक मात्रा में पानी नहीं पी पाते हैं, तो आप खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी से अलग भी तमाम चीजों का सेवन कर सकते हैं। जैसे इसके लिए आप नारियल पानी पी सकते हैं, छाछ पी सकते हैं, पानी से भरपूर फल जैसे तरबूज और सब्जियों जैसे खीरे आदि का सेवन कर सकते हैं। इन सब से अलग एक ऐसी खास चीज भी है, जो ना केवल हाइड्रेशन बनाए रखने, ब्लकि तपती गर्मी के मौसम में बॉडी को कूल डाउन करने में भी मददगार साबित हो सकती है। यहां हम आपको इसी खास चीज के बारे में बता रहे हैं।
दरअसल, हाल ही में नेचुरोपैथी डॉ. श्री विद्या प्रशांत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में डॉ. ने गर्मी के मौसम में बादाम पिसिन या गोंद कतीरा के सेवन के कमाल के फायदे बताए हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-
कैसे है फायदेमंद?
- डॉ. प्रशांत बताती हैं, बादाम पिसिन का उपयोग व्यापक रूप से अल्सर, एसिडिटी, सूजन, पेट में जलन, कब्ज और दस्त के इलाज के लिए किया जाता है।
- बादाम पिसिन ब्लड में इंसुलिन के स्तर को नियंत्रित करते हुए एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है। ऐसे में ये कोलेस्ट्रॉल के मरीजों के लिए फायदेमंद है।
- ये स्किन को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है और एजिंग के लक्षणों को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा, ये त्वचा के घावों को जल्दी ठीक करने में भी मदद करता है और त्वचा की सूजन, चकत्ते, फुंसियों और संक्रमण के खिलाफ एक प्रभावी समाधान है।
- गोंद कतीरे का सेवन सेंट्रल नर्वस सिस्टम को मजबूत करता है और कई बीमारियों के खिलाफ नेचुरल तरीके से इम्यूनिटी को बूस्ट करता है।
- डॉ. प्रशांत इसे गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद अच्छा बताती हैं। उनके मुताबिक, ये गर्भ में भ्रूण के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए शरीर और हड्डियों को मजबूत करता है।
- इन सब से अलग गोंद कतीरा में कूलिंग प्रॉपर्टी होती हैं, जो पूरी गर्मी आपकी बॉडी को कूल-कूल रखने में मदद कर सकती हैं।
क्या कहते हैं अन्य एक्सपर्ट्स?
वहीं, डॉ. प्रशांत की बात से सहमति जताते हुए इंडियन एक्सप्रेस संग हुई एक खास बातचीत के दौरान जिंदल नेचरक्योर इंस्टीट्यूट की उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोदा कुमारी ने बताया, ‘बादाम पिसिन अपनी ठंडी प्रकृति के कारण गर्मी से राहत देने वाला माना जाता है। इसमें उत्कृष्ट एंटीऑक्सीडेंट, एंटी बैक्टीरियल और एंटी माइक्रोबियल गुण मौजूद होते हैं, ऐसे में जब इसे ठंडे दूध, रोज़ मिल्क या नारियल के दूध के साथ मिलाया जाता है, तो यह एसिडिटी, अल्सर और पेट की जलन को कम करने में मदद कर सकता है।’
इसके अतिरिक्त, डॉ. विनोदा बताती हैं कि बादाम पिसिन आहार फाइबर से भरपूर होता है और इसमें प्रोटीन, कैल्शियम और एंटीऑक्सिडेंट जैसे विभिन्न पोषक तत्व होते हैं। ऐसे में ये पाचन को दुरुस्त कर अच्छे स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देता है। कुल मिलाकर, गर्मियों के दौरान बादाम पिसिन को अपने आहार में शामिल करना गर्मी से बचने और स्वस्थ रहने का एक ताज़ा और पौष्टिक तरीका हो सकता है।
कैसे बनाएं डाइट का हिस्सा?
इसे लेकर डॉ. विनोदा बताती हैं, ‘पानी में भिगोने पर, गोंद कतीरा एक जेल जैसा पदार्थ बना लेता है। आप इसे रातभर के लिए पानी में भिगोकर फिर नींबू पानी, शर्बत, मिल्कशेक जैसी कई चीजों में मिलाकर पी सकते हैं। ये जेल आपकी बॉडी को हाइड्रेट रखते हुए कूल डाउन करने में मदद करेगा।’
ट्राई करें ये रेसिपी
- इससे अलग डॉ. प्रशांत ने गोंद कतीरा को डाइट का हिस्सा बनाने के लिए एक आसान रेसिपी शेयर की है। इसके लिए गोंद कतीरा को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रखें।
- सुबह एक ब्लेंडर में पानी के साथ कुछ कटी हुई गाजर और कसा हुआ नारियल डालकर चला लें। ध्यान रहे आपको इन्हें स्मूथ ब्लेंड करना है।
- इसके बाद तैयार जूस को छान लें और इसमें 1-2 बड़े चम्मच बादाम पिसिन यानी गोंद कतीरा और थोड़ी मात्रा में शहद मिलाएं।
- इतना करते ही आपकी कमाल की ड्रिंक तैयार हो जाएगी। आप इसका सेवन कर खुद को कूल-कूल रख सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।