Kamar Dard Ka Ilaj Baba Ramdev Tips: कमर दर्द एक ऐसी समस्या है, जिससे हर कोई कभी न कभी दो-चार होता ही होता है। किसी को बिना किसी इलाज के इसमें आराम मिल जाता है तो कोई लंबे समय तक इससे जूझता रहता है। घंटों एक ही जगह पर बैठकर काम करने, गलत पोश्चर में बैठने या फिर सोने, कमजोरी, ज्यादा वजन उठाने, पुरानी किसी बीमारी की वजह से कमर में दर्द हो सकता है।
दवा के अलावा सिकाई करने या फिर योग करने से इससे काफी आराम मिलता है। योगगुरु स्वामी रामदेव के मुताबिक योग के जरिए कई तरह की शारीरिक समस्याओं को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कमर दर्द का रामबाण इलाज बताते हुए 5 योगासन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इन योगासनों को नियमित करने से कमर दर्द से पूरी तरह छुटकारा मिल सकता है।
कमर दर्द को दूर करने के लिए करें ये योगासन
भुजंगासन: इसे करने के लिए सबसे पहले पेट के बल जमीन पर लेट जाएं। फिर दोनों पैर सीधे करके मिला लें। इसके बाद दोनों हाथों को चेहरे के सामने रख लें। अब आपको दोनों हाथ की उंगलियों को पान का आकार देना है। फिर थोडी देर ऐसे ही रहें। फिर धीरे-धीरे दोनों हाथों को सीधा करें। अब इसी स्थिति में थोड़ा रुकिए। अब सांस छोड़ते हुए पहले की अवस्था में वापस आ जाएं।
हस्त पादागुष्ठान: इस आसन को करने के लिए पैर सीधे करके पीठ के बल लेट जाएं। फिर दोनों हाथों को ‘टी’ (T) के आकार में रखें। फिर सांस छोड़ते हुए एक पैर का घुटना सीधा करें। अब दूसरी ओर के हाथ के समानांतर ले जाएं। अब सिर दूसरी दिशा में घुमाएं। इसी अवस्था में थोड़ी देर रूकें। फिर सामान्य स्थिति में वापस आ जाइए।
मकरासन: यह आसन करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाइए। अब अपनी कोहनियों के सहारे सिर और कंधों को उठाइएं। अब आपको हथेलियों पर ठोड़ी को टिका देना है। फिर आंखों को बंद करके पूरे शरीर को ढीला छोड़ दें।
मर्कटासन: इस आसन को करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं। फिर दोनों हाथों को कमर से नीचे रखें। अब दोनों पैरों को जोड़कर घुटनों से मोड़ लें। फिर अपनी कमर से नीचे के हिस्से को ट्विस्ट करें। फिर पैरों को एक बार दायीं तरफ बगल में जमीन पर टिका दें। इसके बाद इस अवस्था में सिर को उसकी उलटी दिशा में रखें।
कंधरासन: यह आसन करने के लिए सबसे पहले घुटनों को नितंबों के पास रखें। फिर पीठ के बल लेट जाएं। अब हाथ कमर के पास सीधे रखें। इसके बाद नितंबों को ऊपर उठाएं। अब आपको सांस को रोकना है। फिर नितंबों को वापस लाते समय सांस छोड़नी है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।