Amla for Hair Oil: आयुर्वेद में आंवले को अमृत के समान माना गया है। इसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और आयरन जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो बालों को जड़ से मजबूत बनाते हैं और ग्रोथ में मदद करते हैं। वहीं, आज के समय में लोगों के बाल कम उम्र में ही सफेद हो रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए आंवला काफी फायदेमंद हो सकता है।

आंवले का तेल बालों में लगाने से बाल घने और चमकदार बने रहते हैं। वैसे तो मार्केट में आंवले का तेल आसानी से मिल जाता है, लेकिन इसमें कई तरह के केमिकल मिले होते हैं, जिससे फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। ऐसे में आप आंवले के तेल को घर पर ही तैयार कर सकते हैं।

आंवला तेल बनाने की सामग्री

5 ताजा आंवला
1 कप नारियल का तेल
1 छोटा चम्मच मेथी दाना

आंवला का तेल कैसे बनाएं?

घर पर आंवला का तेल तैयार करने के लिए आप सबसे पहले ताजे आंवले को कद्दूकस कर लें। अब एक पैन में नारियल का तेल लें और इसे गरम करें। आप इसमें तिल के तेल का भी उपयोग कर सकते हैं। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ आंवला या भीगा हुआ आंवला पाउडर डालें। आप इसमें मेथी दाना भी डाल सकते हैं। यह बालों के लिए काफी फायदेमंद होता है और ग्रोथ में मदद करता है। अब इस मिश्रण को 15 मिनट तक पकाएं। जब आंवला भूरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें और तेल को ठंडा होने दें। इस तरह घर पर ही आंवले का तेल तैयार कर सकते हैं। आप इसे छानकर कांच की बोतल में स्टोर भी कर सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।