बीमारी कई बार छोटी-छोटी चीजों की वजह से घर में दस्तक दे सकती है। ये वजह ऐसी होती हैं जिनके बारे में कई बार आप सोच भी नहीं सकते हैं। हर घर में कुछ बेसिक चीजें जरूर होती हैं। जिनमें बर्तन, गद्दे-तकिए, कंटेनर, कटिंग बोर्ड, बर्तन साफ करने वाला स्पंज आदि शामिल होते हैं। यूं तो लोग इनकी सफाई और केयर करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है इसके बाद भी ये आपको बीमार कर सकते हैं। जी हां, इसलिए एक समय अंतराल के बाद इन्हें बदल देना चाहिए।
बदलना क्यों है जरूरी
लंबे समय तक इस्तेमाल करने से इन चीजों में कीटाणु और बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा रहता है। जैसे बैडशीट या तकिए के कवर को धोकर साफ किया जा सकता है। लेकिन गद्दे या तकिए को धोया नहीं जा सकता है। ऐसे में धीरे-धीरे इनमें गंदगी और बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं। इसलिए इन्हें बदलना जरूरी होता है।
बांस के कंटेनर
कई लोग किचन में बांस के कंटेनर इस्तेमाल करते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक इन्हें हर 2 से 3 साल बाद बदल देना चाहिए। ज्यादा समय तक इन्हें इस्तेमाल करने से इनमें फफूंद लग सकती है। इसके अलावा नमी के संपर्क में आने से बैक्टीरिया का खतरा भी बढ़ सकता है।
बर्तन साफ करने वाले स्पंज
बर्तन को धोने वाले स्पंज में सबसे अधिक तेजी से बैक्टीरिया पनपते हैं। ऐसे में कीटाणुओं को मारने के लिए आप रोज 1 मिनट के लिए नम स्पंज को माइक्रोवेव कर सकते हैं। इससे अलग एक्सपर्ट्स हर 1 से 2 हफ्ते में स्पंज बदलने की सलाह देते हैं।
कटिंग बोर्ड
रसोई में सुबह-शाम यूज होने वाले कटिंग बोर्ड को हर एक से डेढ़ साल में बदलना जरूरी हो जाता है। कच्चे मांस, पोल्ट्री और सब्जियों के लिए अलग-अलग कटिंग बोर्ड का यूज करना चाहिए।
नॉन-स्टिक पैन
रसोई में इस्तेमाल होने वाला नॉन-स्टिक कोटिंग पैन समय के साथ खराब होकर भोजन में हानिकारक रसायन छोड़ सकता है। ऐसे में उच्च गुणवत्ता वाले पैन या नॉन-स्टिक बर्तन खरीदें। साथ उन्हें हर 3 से 5 साल में इन्हें बदल दें।
तकिए
आपका तकिया आपको एलर्जी और श्वसन संबंधी दिक्कतें दे सकता है। इसलिए किसी भी एक तकिए का इस्तेमाल केवल 1 से 2 साल तक ही करें। क्योंकि समय के साथ तकिए में डेड स्किन सेल्स, धूल के कण और पसीना जमा हो जाता है।
गद्दा
गद्दे को हमेशा हर 2 महीने के अंदर धूप में जरूर रखें। इसके अलावा लकड़ी की मदद से इनमें मौजूद धूल को बाहर निकालने की कोशिश करें। इससे अलग समय-समय पर गद्दों को पलटकर इनका इस्तेमाल करें। गद्दों पर बेडशीट से अलग भी एक कवर चढ़ाकर रखें और किसी भी गद्दे का इस्तेमाल केवल 7 से 10 वर्ष तक ही करें।
उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: पेट में भारीपन या गैस बनने पर खाएं ये चीजें, अपच की समस्या से मिलेगा छुटकारा
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।