बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने फिल्म इंडस्ट्री में अपना एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। 32 साल की एक्ट्रेस अपनी एक्टिंग से खूब सुर्खियां बटोरती हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर उनकी फिल्म ‘द गर्ल ऑन ट्रेन’ रिलीज हुई थी, जिसे फैन्स की काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली। हालांकि परिणीति चोपड़ा के लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। एक्ट्रेस ने इस मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की। फिल्मों में आने से पहले परिणीति चोपड़ा 86 किलो की हुआ करती थीं।

एक इंटरव्यू के दौरान परिणीति चोपड़ा ने कहा था वजन घटाने के लिए उन्हें एक लंबी जर्नी तय करनी पड़ी। उन्होंने बताया था कि अपने वजन की वजह से वह अपने पसंदीदा कपड़े तक नहीं पहन पाती थीं। हालांकि आज परिणीति चोपड़ा पूरी तरह से फिट हैं। एक्ट्रेस ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘लेडीज वर्सेज रिकी बहल’ से की थी। फिल्म के लिए परिणीति ने अपना 29 किलो वजन घटाया था।

परिणीति चोपड़ा का वर्कआउट रूटीन: एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने खुद को फिट करने के लिए योग और एक्सरसाइज पर ध्यान दिया। उन्होंने इंटनेस एक्सरसाइज के साथ अपने रूटीन में योग को भी शामिल किया। योग के जरिए उनके मानसिक और शारिरिक स्वास्थ्य में सुधार हुआ, साथ ही शरीर में लचीलापन भी आया। मानसिक शांति और स्थिरता के लिए परिणीति मेडिटेशन भी करती हैं। इसके अलावा उनकी वेट लॉस जर्नी में डांस, पिलेट्स, एक्सरसाइज, रनिंग और स्विमिंग ने भी मदद की।

बता दें, अब परिणीति चोपड़ा सुबह उठकर सबसे पहले जॉगिंग करती हैं। इसके बाद वह कुछ देर के लिए ध्यान लगाती हैं। फिर एक घंटा योग के बाद स्विमिंग और घुड़सवारी की प्रैक्टिस करती हैं। इसके अलावा परिणीति डांस प्रैक्टिस, कार्डियो और रेगुलर एक्सरसाइज के सेट्स भी करती हैं।

परिणीति चोपड़ा का डाइट प्लान: एक्ट्रेस परिणीति पहले फास्ट फूड की बड़ी शौकीन हुआ करती थीं। हालांकि, अपना वजन घटाने के लिए उन्होंने फास्ट फूड को पूरी तरह से बंद कर दिया। अब एक्ट्रेस सुबह के नाश्ते में एक गिलास दूध, ब्राउन ब्रेड, दो अंडे और कभी-कभी जूस भी लेती हैं। दोपहर के खाने में दाल, राटी, ब्राउन राइस, हरा सलाद और हरी सब्जियां लेती हैं। इसके बाद रात के खाने में वह कम तेल में बना सादा खाना, एक गिलास दूध और कभी-कभी चॉकलेट शेक का भी सेवन करती हैं।