होली भारत के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक है, जिसे पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस बार होली का त्योहार 14 मार्च को मनाया जाएगा। यानी रंगों के त्योहार में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में लोग अभी से होली की प्लानिंग में जुट गए हैं।
अब, वैसे तो देशभर में ही होली खूब धूमधाम के साथ मनाई जाती है, हालांकि कुछ स्थान ऐसे हैं जहां होली का उत्सव अपने अनूठे रीति-रिवाजों, परंपराओं और भव्य आयोजनों के कारण सबसे अलग और खास होता है। यहां हम आपको 5 ऐसी ही जगहों के बारे में बता रहे हैं। अगर आप इस साल होली को यादगार बनाना चाहते हैं, तो इन 5 खास जगहों पर अपने परिवार या दोस्तों के साथ ट्रिप प्लान कर सकते हैं। यहां मनाई गई होली आपके लिए हमेशा यादगार रहने वाली है।
बरसाना और नंदगांव की लट्ठमार होली (उत्तर प्रदेश)
होली की सबसे प्रसिद्ध और अनोखी परंपरा बरसाना और नंदगांव में देखने को मिलती है। या कहें कि भारत में सबसे शानदार होली बरसाना और नंदगांव में मनाई जाती है और यहां की भी लट्ठमार होली दुनियाभर में मशहूर है। इस अनोखी होली में महिलाएं पुरुषों पर लाठियां बरसाती हैं और पुरुष खुद को बचाने की कोशिश करते हैं। ये परंपरा श्रीकृष्ण और राधा की प्रेम कहानी से जुड़ी हुई है।
मथुरा-वृंदावन की फूलों और रंगों की होली (उत्तर प्रदेश)
बरसाना की तरह ही भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन में भी होली का उत्सव बेहद भव्य होता है। यहां तो एक हफ्ते पहले से ही होली की धूमधाम शुरू हो जाती है। वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में होली खेली जाती है, जहां गुलाल के बजाय फूल बरसाए जाते हैं। इसे फूलों की होली कहा जाता है। इसके अलावा, द्वारकाधीश मंदिर और गोकुल में भी होली का भव्य आयोजन देखने को मिलता है।
राजस्थान की शाही होली (जयपुर और उदयपुर)
राजस्थान में होली का त्योहार शाही अंदाज में मनाया जाता है। खासकर जयपुर और उदयपुर में राजपरिवारों द्वारा भव्य होली समारोह आयोजित किए जाते हैं। सिटी पैलेस, उदयपुर में पहले परंपरागत ढंग से होलिका दहन किया जाता है, इसके बाद एक जुलूस निकाला जाता है, जहां शाही परिवार के सदस्य हाथियों, घोड़ों और ऊंटों पर बैठते हैं। इसके बाद रंगों से भव्य होली मनाई जाती है, जिसका नजारा देखने लायक होता है।
बनारस की गंगा किनारे होली (उत्तर प्रदेश)
बनारस यानी वाराणसी में गंगा घाटों पर रंगभरी एकादशी के दिन होली खेली जाती है, जिसे काशी विश्वनाथ की पारंपरिक होली भी कहा जाता है। यहां सुबह पहले गंगा आरती होती है, इसके बाद पूरा शहर रंगों में डूब जाता है। बनारसी ठंडाई, भांग और गुलाल के साथ घाटों पर खेली जाने वाली होली का अनुभव एकदम अनोखा और मस्ती से भरा होता है।
मनाली की बर्फीली होली (हिमाचल प्रदेश)
इन सब से अलग मनाली भी होली के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां होली के दिन टूरिस्ट और लोकल लोग एक साथ मिलकर पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में रंगों से खेलते हैं। बर्फ से ढकी चोटियों के बीच गुलाल उड़ता है, जिसका नजारा भी देखने लायक होता है। ऐसे में इस होली आप मनाली जा सकते हैं।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Vacation के लिए ढूंढ रहे हैं कोई शांत जगह? Hidden Gem हैं इंडिया की ये 5 खूबसूरत जगह