Kapde se jang ke daag kaise hataye: कभी बच्चों की स्कूल की यूनीफार्म या पति की शर्ट पर इंक या स्याही का निशान लग जाता है तो कभी कपड़े धोने के बाद उनको सुखाते समय जंग के निशान नजर आने लगते हैं। ऐसे में इन जिद्दी निशानों को हटाने में बहुत मुश्किल होती है। कई बार तो धोने के बाद भी पीलापन नहीं हटता है। खासतौर पर सफेद कपड़ों पर ये निशान आसानी से नहीं जाते हैं। ज्यादा रगड़ने पर कपड़े फटने या रंग फेड होने का डर लगता है। ऐसे में आप कपड़ों से जंग और स्याही के धब्बे हटाने के लिए 3 घरेलू अपनाकर देख सकते हैं। इससे दाग-धब्बे तो हटेंगे ही साथ ही पीलापन भी दूर हो जाएगा।

1- सिरका

कपड़ों पर अगर जंग का निशान लग जाए तो उसे हटाने के लिए आप सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले दाग वाले हिस्से को सिरके में कुछ देर के लिए भिगो कर रख दें। इसके बाद उस हिस्से को हल्के हाथों से रगड़ें। फिर साफ पानी से उसे धो दें। दाग नहीं हटने पर यह प्रक्रिया एक बार और अपनाएं।

2- बेकिंग सोडा

जंग या स्याही के दागों को हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा भी यूज कर सकते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा सा पानी मिक्स करें। तैयार घोल को जहां निशान है उस हिस्से पर लगाकर छोड़ दें। फिर हल्के हाथों से रगड़ कर साफ पानी से कपड़ा धो लें।

3- सफेद टूथपेस्ट

सफेद टूथपेस्ट के जरिए भी आप कपड़ों पर लगे दाग को दूर कर सकते हैं। इसके लिए टूथपेस्ट में पानी की कुछ बूंदें लें। इसे दाग पर रगड़ें। फिर नार्मल तरीके से कपड़ा धो लें। इन तरीकों को अपनाकर आप कपड़ों से जंग या स्याही के निशान को आसानी से हटा सकते हैं।