विजय हजारे टूर्नामेंट में उस वक्त धमाल आ गया जब मुंबई और झारखंड के बीच 16 अक्टूबर को खेले गए मैच में 17 वर्षीय यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी के लिए मैदान में पहुंचे। मुंबई के इस सलामी बल्लेबाज ने दोहरा शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और प्रथम श्रेणी में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मुकाबले में इस युवा बल्लेबाज ने महज 154 गेंदों पर 203 रनों की आतिशी पारी खेली।

अलूर में हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। यशस्वी पहले बल्लेबाजी करने उतरे तो झारखंड के गेंदबाजों की जमकर खैर ली। आदित्य तारे के साथ उन्होंने 200 रनों की साझेदारी की और 17 चौके और 12 छक्के जड़कर उन्होंने कमाल का दोहरा शतक जड़ा। आखिरी ओवर में उन्होंने अपना विकेट गंवाया। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने 359 रनों का विशाल लक्ष्य झारखंड के सामने रखा है।

12 छक्के जड़कर यशस्वी विजय हजारे की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 149 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया। बता दें कि उनसे पहले विजय हजारे टूर्नामेंट के इस सीजन में संजू सैमसन ने भी दोहरा शतक जड़ा था। यशस्वी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन के साथी हैं और एक बार जब अर्जुन उन्हें अपने पिता से मिलवाने ले गए थे तो तेंदुलकर ने उन्हें अपना बैट गिफ्ट में दिया था।