पहलवान सागर राणा हत्याकांड में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता रेसलर सुशील कुमार की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। सुशील कुमार पर हत्या, गैर इरादतन हत्या और अपहरण के आरोप हैं। पुलिस ने सुशील कुमार को ही घटना का ‘मुख्य आरोपी और सरगना’ बताया है। इस बीच, शुक्रवार यानी 11 जून को सुशील कुमार की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ गई।
रोहिणी कोर्ट के आदेश के अनुसार, सुशील कुमार 25 जून तक जेल में रहेगा। सागर राणा हत्याकांड में अब तक सुशील कुमार समेत 10 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सुशील कुमार मंडोली जेल में बंद है। एक दिन पहले ही दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने छत्रसाल स्टेडियम में मारपीट के मामले में सुशील कुमार के एक और सहयोगी अनिरुद्ध को गिरफ्तार किया था। बता दें कि छत्रसाल स्टेडियम में हुई मारपीट की घटना में पहलवान सागर राणा की मौत हो गई थी। उसके दो दोस्त घायल भी हो गए थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी अनिरुद्ध कथित मारपीट की घटना में शामिल था। उसे गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में गिरफ्तार किया गया। सुशील और उसके सहयोगियों ने पहलवान सागर राणा उर्फ सागर धनखड़ और उसके दो दोस्तों सोनू तथा अमित कुमार से संपत्ति विवाद को लेकर 4 और 5 मई की दरमियानी रात को मारपीट की थी। बाद में सागर की मौत हो गई थी।
सुशील को सह आरोपी अजय कुमार के साथ 23 मई को दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में अब तक 10 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सुशील कुमार पर हत्या, गैर इरादतन हत्या और अपहरण के आरोप हैं। पुलिस ने सुशील कुमार को घटना का ‘मुख्य आरोपी और सरगना’ बताते हुए कहा है कि उसके पास ऐसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य हैं, जिसमें सुशील और उसके सहयोगी सागर राणा को पीटते नजर आए हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। उस वीडियो में सुशील और उसके सहयोगी एक व्यक्ति को स्टिक से पीटते नजर आए थे। पुलिस ने 31 मई को सुशील के हथियार का लाइसेंस रद्द कर दिया था। रिपोर्ट्स की मानें तो सुशील कुमार के कहने पर ही अनिरुद्ध सागर राणा की पिटाई कर रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि अनिरुद्ध और उनके पिता पहलवान हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा बरामद सीसीटीवी फुटेज में अनिरुद्ध भी देखा गया था।
सुशील कुमार की गिनती देश के सबसे प्रतिभावान पहलवानों में की जाती रही है। सुशील ने अब तक के करियर में 2 ओलंपिक पदक, 3 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। इसके अलावा उसने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले इकलौता भारतीय है। उसके नाम एशियाई खेलों में एक कांस्य पदक और एशियाई चैंपियनशिप में 4 पदक भी दर्ज हैं।
भाषा इनपुट के साथ…।