दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपॉरेशन ने फैसला किया है कि रविवार को मेट्रो ट्रेन की सेवाएं रात 12:15 बजे तक जारी रहेंगी। यह फैसला क्रिकेट फैंस को ध्यान में रखकर किया गया है। डीएमआरसी ने रविवार को ट्वीट करके इस फैसले के बारे में लोगों को जानकारी दी।
डीएमआरसी का बड़ा फैसला
डीएमआरसी के इस फैसले के पीछे की वजह है महिला प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला। रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच महिला प्रीमियर लीग का फाइनल खेला जाएगा। यह मैच शाम में साढ़े सात बजे से शुरू होगा। डीएमआरसी और दिल्ली कैपिटल्स ने मिलकर फैंस के लिए मेट्रो की समय सीमा बढ़ाने का फैसला किया है।
दिल्ली कैपिटल्स ने DMRC को दिया धन्यवाद
दिल्ली कैपिटल्स ने ट्वीट करके कहा, ‘डब्ल्यूपीएल फाइनल के बाद आखिरी मेट्रो रात 12.15 बजे तक चलेगी। लाल किला कश्मीरी गेट, जामा मस्जिद, दिल्ली गेट आईटीओ मंडी हाउस के समय में बदलाव किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स फैंस के लिए सुविधाजनक बनाने में मदद करने और उनके समर्थन के लिए डीएमआरसी के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहती है।’
खिताब के लिए दिल्ली और आरसीबी का सामना
दिल्ली कैपिटल्स मेग लैनिंग की कप्तानी में लगातार दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में पहुंची है। दिल्ली कैपिटल्स को पिछली बार मुंबई इंडियंस ने सात विकेट से हराया था। इस बार दिल्ली की टीम शानदार फॉर्म में है और आठ मैचों में 12 अंक लेकर पांच टीमों की लीग में टॉप स्थान पर है।
आरसीबी अभी तक दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं जीत पाई है। आरसीबी लीग राउंड में तीसरे स्थान पर रही थी लेकिन शुक्रवार को रोमांचक एलिमिनेटर में कम स्कोर बनाने के बावजूद मुंबई को पांच विकेट से हरा दिया। आरसीबी की पुरुष टीम भी अब तक 16 सालों में खिताब नहीं जीत पाई। वह तीन बार फाइनल में पहुंची है।