महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 12वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को 29 रन से हरा दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 192 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन ही बना पाई। इस जीत के बाद दिल्ली की टीम अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई। वहीं मुंबई 5 मैच में दूसरी हार के बाद तीसरे पायदान पर है।
जेमिमा और लैनिंग की तूफानी पारियां
बात करें मैच की तो दिल्ली की जीत में कप्तान लैनिंग और जेमिमा के तूफानी अर्धशतक का सबसे बड़ा योगदान रहा। लैनिंग ने छह चौके और दो छक्के की मदद से 38 गेंद में 53 रन की पारी खेली। मौजूदा सत्र में अपने तीसरे अर्धशतक के साथ उन्होंने तीन उपयोगी साझेदारियां की। वहीं जेमिमा ने इसके बाद 33 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 69 रन बनाये और टीम को 200 रन के के करीब पहुंचाया।
शेफाली और कैप्सी ने भी खेली आक्रामक पारियां
दिल्ली की ओर से शेफाली वर्मा (28) और ऐलिस कैप्सी (19) ने भी आक्रामक पारियां खेली। मुंबई इंडियन्स के लिए पूजा वस्त्राकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रही। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया। साइका इशाक (29 रन पर एक विकेट), शबनीम इस्माइल (46 रन पर एक विकेट) और हेले मैथ्यूज (23 रन पर एक विकेट) विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज थे।
मुंबई का टॉप ऑर्डर रहा फेल
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मुंबई का टॉप ऑर्डर बुरी तरह से फ्लॉप रहा। मुंबई को पहला झटका 7 के स्कोर पर यास्तिका भाटिया के रूप में लग गया था। इसके बाद सेवियर ब्रंट भी 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं थी। देखते ही देखते मुंबई की टीम ने 54 के स्कोर पर 4 और 68 पर 5 विकेट खो दिए थे। अमनजोत कौर ने सर्वाधिक 27 गेंद में 42 रन की पारी खेली। वहीं साजना ने 14 गेंद में नाबाद 24 रन बनाए।