Uma Chetry ODI Debut Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला टीम के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2025 के आखिरी लीग मैच में उमा छेत्री को डेब्यू का मौका मिला। उन्हें भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कैप दी। उन्होंने इससे पहले साल 2024 में भारत के लिए टी20 डेब्यू किया था। अब वनडे में भी वह अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें डेब्यू का मौका मिला। अगर उनके सफर की बात करें तो उनका शुरुआती जीवन काफी संघर्ष में गुजरा है।
उमा छेत्री का जन्म असम के गोलाघाट जिले में हुआ था। वह वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुनी जाने वाली नॉर्थ ईस्ट की पहली खिलाड़ी भी बनी थीं। अब वह टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप में खेलने वाली भी उस क्षेत्र की पहली खिलाड़ी बनेंगी। उनका शुरुआती जीवन कठिनाइयों में गुजरा है और उनके पिता एक मामूली किसान थे। जिनकी जीविका में जीवन गुजारना भी आसान नहीं था। वहीं उनकी मां ने उन्हें क्रिकेटर बनाने में अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया।
संघर्षों के कठिन पथ में खोजा रास्ता
उमा छेत्री ने बचपन में कच्ची सड़कों पर अपने भाइयों को दोस्तों के साथ खेलते देखकर क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। मगर उन कच्ची सड़कों से आज उमा ने क्रिकेट ग्राउंड तक का सफर तय कर लिया है। तीन साल की उम्र में उमा की मां ने उन्हें जन्मदिन पर एक प्लास्टिक का बैट गिफ्ट किया था। उन्होंने वहीं से अपनी बेटी को क्रिकेटर बनाने का सपना देख लिया था। पिता लोक बहादुर किसान थे तो खेती वगैरह में जीविका कमाने के लिए व्यस्त रहते थे। मगर मां ने बेटी के भविष्य का रास्ता तय कर लिया था।
Women’s World Cup 2025 Semifinal Schedule, Venue, Timing Full Details
गोलाघाट के स्थानीय कोच राजा रहमान और महबूब आलम से उमा की मां ने बेटी को सिखाने की गुजारिश की। उनके मार्गदर्शन में उमा छेत्री ने क्रिकेट के शुरुआती गुण सीखे। उसके बाद उन्होंने गोलाघाट के जिला खेल संघ के कोषाध्यक्ष अजय सरमा का ध्यान अपनी ओर खींचा। अजय सरमा के प्रयासों और मां के लगातार प्रोत्साहन से छह साल कड़ी मेहनत करने के बाद उमा को राज्य की टीम में एंट्री मिली।
इसके बाद 2023 में हांगकांग में हुए महिला टी20 इमर्जिंग एशिया कप के लिए उन्हें इंडिया ए की टीम में चुना गया। उसके बाद महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स के लिए 2024 में वह खेलती नजर आईं और उन्होंने 7 मैच सीजन में खेले मगर कुछ खास नहीं कर पाईं। इसके बाद उनकी किस्मत तब खुली जब बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में उनका चयन हुआ। अब यास्तिका भाटिया के चोटिल होने के बाद वह वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा हैं और डेब्यू कैप भी उन्हें मिल गई है।
