Women’s ODI World Cup Final: भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल खेलने के लिए तैयार हैं। दोनों टीमें पहली बार फाइनल में एक दूसरे से भिड़ रही हैं। 1973 से 2025 तक पिछले 52 साल में पहली बार साउथ अफ्रीका की टीम फाइनल खेलने उतरी है। जबकि भारत का यह तीसरा फाइनल है। मगर 52 साल के इतिहास में एक और ऐसा कारनामा पहली बार होने जा रहा है जो अब तक कभी नहीं हुआ।
पहली बार होगा फाइनल में ऐसा…
दरअसल यह पहला मौका है 1973 के बाद से जब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड में से कम से कम कोई एक टीम भी नहीं है। वरना हमेशा पिछले सभी वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में या तो ऑस्ट्रेलिया होती थी , या इंग्लैंड होती थी या फिर दोनों आपस में फाइनल में भिड़ती थीं। लेकिन इस बार इतिहास बदल चुका है। इससे पहले साल 2000 में ही एक ऐसा महिल वर्ल्ड कप टूर्नामेंट हुआ था जिसमें ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड के अलावा किसी दूसरी टीम ने खिताब जीता था। साल 2000 में न्यूजीलैंड की टीम चैंपियन बनी थी।
1973 से 2022 तक कब कौन बना महिला वर्ल्ड चैंपियन
| साल | विजेता | उपविजेता |
| 1973 | इंग्लैंड | ऑस्ट्रेलिया |
| 1978 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
| 1982 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
| 1988 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
| 1993 | इंग्लैंड | न्यूजीलैंड |
| 1997 | ऑस्ट्रेलिया | न्यूजीलैंड |
| 2000 | न्यूजीलैंड | ऑस्ट्रेलिया |
| 2005 | ऑस्ट्रेलिया | भारत |
| 2009 | इंग्लैंड | न्यूजीलैंड |
| 2013 | ऑस्ट्रेलिया | वेस्टइंडीज |
| 2017 | इंग्लैंड | भारत |
| 2022 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
वहीं ओवरऑल खिताब जीतने की बात करें तो पिछले 12 महिला वनडे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में से सात बार ऑस्ट्रेलिया विश्व चैंपियन बनी थी। जबकि चार बार इंग्लैंड की टीम ने विश्व कप जीता था। वहीं साल 2000 में पहली और आखिरी बार न्यूजीलैंड की टीम ने भी यह खिताब जीता था। अब 2025 में इस टूर्नामेंट के इतिहास का नया चैंपियन मिलने वाला है। क्योंकि भारत या साउथ अफ्रीका किसी ने भी यह खिताब अभी तक नहीं जीता है।
