India vs New Zealand Women’s, IND W vs NZ W Women’s T20 World Cup 2020: आईसीसी वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने गुरुवार को न्यूजीलैंड को 3 रन से हरा दिया। टूर्नामेंट में उसकी यह लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ ही उसने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बनाए।
भारत इससे भी बड़ा लक्ष्य दे सकता था, लेकिन मध्यक्रम के भरभरा जाने से उसे इतने से ही संतोष करना पड़ा। पुछल्ले बल्लेबाज राधा यादव और शिखा पांडे ने 17 गेंद पर 22 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने की भरसक कोशिश की।
न्यूजीलैंड की ओर से रोजमैरी मेयर और एमिलिया केर ने क्रमशः 27 और 21 रन देकर 2-2 विकेट लिए। ली ताहूहू, सोफी डिवाइन और लेह कास्पेरेक भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन ही बना पाई। भारत की इस जीत में फिर शेफाली वर्मा ने अहम भूमिका निभाई। शेफाली ने 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 34 गेंद पर 46 रन बनाए। वे प्लेयर ऑफ द मैच भी चुनी गईं।
शेफाली के अलावा भारतीय गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका रही। दीप्ति शर्मा ने 27, शिखा पांडे ने 21, राजेश्वरी गायकवाड़ ने 22, पूनम यादव ने 32 और राधा यादव ने 25 रन देकर 1-1 विकेट लिए।
IND vs NZ Women’s T20 World Cup: स्मृति मंधाना की वापसी, ये है दोनों की प्लेइंग इलेवन
भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश को हराया था। उसने ऑस्ट्रेलिया को 17 और बांग्लादेश को 18 रन से हराया था।

Highlights
20वां ओवर शिखा पांडे लेकर आईं।
पहली गेंद पर हेले जेनसेन ने चौका जड़ा।
दूसरी गेंद पर जेनसेन ने एक रन लिया। एमिलिया स्ट्राइक पर पहुंचीं।
तीसरी गेंद पर एमिलिया ने एक रन लिया। स्ट्राइक जेनसेन को मिली।
चौथी गेंद पर जेनसेन ने एक रन लिया। स्ट्राइक एमिलिया को मिली।
पांचवीं गेंद पर एमिलिया केर ने जड़ा चौका। जीत के लिए चाहिए न्यूजीलैंड को 5 रन।
छठी गेंद पर एमिलिया एक ही रन ले सकीं और भारत ने 3 रन से मैच जीत लिया।
18 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 100 रन था। न्यूजीलैंड को जीत के लिए अब 2 ओवर में 34 रन चाहिए। 19वां ओवर पूनम यादव लेकर आईं।
उनकी पहली ही गेंद पर एमिलिया केर ने चौका जड़ दिया।
अगली गेंद पर केर ने फिर 2 रन ले लिए।
तीसरी गेंद पर फिर उन्होंने चौका जड़ दिया।
चौथी गेंद पर वे बीट हो गईं।
हालांकि, पांचवीं गेंद पर केर फिर चौका जड़ने में सफल रहीं।
आखिरी गेंद पर भी उन्होंने चौका जड़ा। न्यूजीलैंड को अब जीत के लिए 6 गेंदों पर 16 रन चाहिए।
16वें ओवर में दीप्ति ने 7 रन दिए। 17वां ओवर राधा यादव लेकर आईं। उन्होंने अपनी तीसरी ही गेंद पर केटी मार्टिन का विकेट चटका दिया। राधा ने केटी को मिड-विकेट पर जेमिमा रोड्रिग्ज के हाथों कैच कराया। केटी ने 28 गेंद पर 25 रन बनाए। उनकी जगह हेले जेनसेन क्रीज पर आईं। न्यूजीलैंड के लिए जरूरी रनरेट बढ़कर 13.33 हो गया है।
15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 79 रन था। मैडी ग्रीन की जगह एमिलिया केर क्रीज पर आईं हैं। 16वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी दीप्ति शर्मा ने संभाली। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 11 रन के औसत से रन बनाने होंगे।
आखिरकार भारत गेंदबाज मैडी ग्रीन और केटी मार्टिन की साझेदारी तोड़ने में सफल रहा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर मैडी ग्रीन को तान्या भाटिया के हाथों स्टम्प करा दिया। मैडी ने 23 गेंद पर 24 रन बनाए। उन्होंने केटी मार्टिन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। इस लिहाज से भारत के लिए उनका आउट होना बड़ी सफलता रहा।
14वां ओवर शिखा पांडे लेकर आईं। उन्होंने अब तक 2 ओवर में सिर्फ 5 रन दिए हैं और एक विकेट भी लिया है। हालांकि, तीसरे ओवर में उन्होंने 5 रन दिए। इसमें एक रन ओवरथ्रो के जरिए आया। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 77 रन था। उसे जीत के लिए 9.5 के औसत से रन बनाने हैं।
13वां ओवर राधा यादव लेकर आईं। उन्होंने इस ओवर में एक चौके समेत 6 रन दिए। मैडी और केटी अब तक 29 गेंद पर 37 रन जोड़ चुकी हैं। ऐसे में भारत को जल्द से जल्द इस साझेदारी को तोड़ना होगा।
12वां ओवर राधा यादव लेकर आईं। इस ओवर की कहानी भी कुछ 11वें ओवर जैसी रही। इस ओवर में मैडी ग्रीन ने एक छक्का जड़ा। इस ओवर से न्यूजीलैंड ने कुल 10 रन बटोरे। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 65 रन था।
11वां ओवर राजेश्वरी गायकवाड़ ने फेंका। उनका यह ओवर भारत के लिहाज से काफी महंगा साबित हुआ। इस ओवर में मैडी ग्रीन और केटी मार्टिन ने 1-1 चौका जड़कर 9 रन बटोरे। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 55 रन था।
10वां ओवर राधा यादव लेकर आईं। उन्होंने इस ओवर की शुरुआती 5 गेंदों पर केटी मार्टिन और मैडी ग्रीन पर लगाम लगाए रखी। हालांकि, आखिरी गेंद पर मैडी ने चौका जड़कर अपनी टीम का रनरेट बढ़ाने की कोशिश की। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 46 रन था।
8वें ओवर में राधा यादव ने सिर्फ एक रन दिया। अगला ओवर पूनम यादव लेकर आईं। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन को बैकवर्ड पॉइंट पर राधा यादव के हाथों कैच करा दिया। सोफी पिछली छह पारियों के बाद 50 से कम के स्कोर पर आउट हुईं हैं। 9वें ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 39 रन था। सोफी की जगह केटी मार्टिन बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।
7वां ओवर पूनम यादव ने फेंका। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। उन्होंने मैडी ग्रीन को बीट भी किया। हालांकि, वे विकेट लेने में सफल नहीं रहीं। 7 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 33 रन था। वहीं, दीप्ति शर्मा टी20 इंटरनेशनल में 50 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाली चौथी भारतीय महिला बन गईं।
भारत को जिसकी जरूरत थी, वह मिल गई। दीप्ति शर्मा ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने पारी के छठे ओवर की चौथी गेंद पर सूजी बेट्स को अपनी गुगली में उलझा दिया और न्यूजीलैंड की स्टार बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हो गईं। छठा ओवर खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 30 रन था। बेट्स की जगह मैडी ग्रीन बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।
5 ओवरों का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 1 विकेट पर 28 रन है। पांचवें ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ ने 6 रन दिए। इस ओवर की दूसरी गेंद पर सूजी बेट्स ने चौका जड़ा। वे पांच और डिवाइन 10 रन पर खेल रही हैं।
4 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 1 विकेट पर 22 रन है। उसे जीत के लिए 7 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने हैं। इस ओवर की दूसरी गेंद पर शिखा ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। इस पर हरमनप्रीत ने डीआरएस ले लिया। हालांकि, थर्ड अंपायर ने नतीजा नहीं बदला। इस तरह से भारत ने रिव्यू गंवा दिया। टी20 इंटरनेशनल मैच में एक ही रिव्यू मिलता है।
तीसरे ओवर की शुरुआती 4 गेंदों पर एक भी रन नहीं बना। पांचवीं गेंद पर सूजी बेट्स ने एक रन लेकर अपना खाता खोला। हालांकि, आखिरी गेंद पर डिवाइन ने चौका जड़कर भरपाई कर दी। 3 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 1 विकेट पर 18 रन था।
प्राइस्ट की जगह सूजी बेट्स बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। 2 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 13 रन था। तीसरा ओवर स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ लेकर आईं हैं। देखना है कि वे इस ओवर में क्या कमाल दिखाती हैं।
भारत के लिए दूसरा ओवर शिखा पांडे लेकर आईं। उनकी पहली गेंद डिवाइन ने एक रन लेकर स्ट्राइक प्राइस्ट को थमा दी। शिखा ने चौथी गेंद पर उन्हें मिड विकेट पर राधा यादव के हाथों कैच आउट करा दिया। भारत के लिए यह बहुत बड़ा विकेट है। प्राइस्ट भारत के लिए खतरा बन सकतीं थीं। प्राइस्ट ने 9 गेंद पर 12 रन बनाए।
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन और राशेल प्राइस्ट ने पारी की शुरुआत की। दीप्ति शर्मा भारत के लिए पहला ओवर लेकर आईं। उनकी दूसरी ही गेंद पर प्राइस्ट ने चौका जड़ दिया। प्राइस्ट ने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर भी चौका जड़ा। इस ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 12 रन था।
मेलबर्न के इस मैदान पर यह पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है। अब तक खेले गए 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 2 में पहले बल्लेबाजी और दो में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम जीती है। इस मैदान पर पहली पारी में औसत स्कोर 145, जबकि दूसरी पारी में औसत स्कोर 140 रन रहा है।
भारत ने वर्ल्ड कप के अपने तीसरे मैच में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 134 रन का लक्ष्य दिया है। उसने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बानए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में राधा यादव और शिखा पांडे ने भी अहम भूमिका निभाई। दोनों ने 17 गेंद पर 22 रन की साझेदारी की। राधा यादव ने 9 गेंद पर 14 रन बनाए। शिखा ने 10 रन का योगदान दिया।
भारतीय टीम के बल्लेबाजों के आउट होने का सिलसिला जारी है। 18वें ओवर में वेदा के बाद दीप्ति शर्मा ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। 18वां ओवर सोफी डिवाइन लेकर आईं थीं। डिवाइन की गेंद पर हेले जेनसेन ने मिडविकेट पर उनका कैच लपक लिया। दीप्ति ने 11 गेंद पर 8 रन बनाए। दीप्ति की जगह ऑलराउंडर राधा यादव क्रीज पर आईं। दूसरे छोर पर शिखा पांडे हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 7 विकेट पर 114 रन था।
हरमनप्रीत कौर के आउट होने के बाद से भारतीय बल्लेबाजों का आया राम गया राम लगा हुआ है। 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर वेदा कृष्णमूर्ति भी एमिलिया केर का शिकार हो गईं। एमिलिया ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। वेदा ने 5 गेंद पर 6 रन बनाए। वेदा की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज शिखा पांडे बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 106 रन था।
शेफाली वर्मा वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक पूरा करने से चूक गईं। वे 46 रन के निजी स्कोर पर एमिलिया केर का शिकार बनीं। एक्स्ट्रा कवर पर हेले जेनसेन ने उनका कैच पकड़ा। शेफाली की जगह वेदा कृष्णमूर्ति बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही। वे सिर्फ एक रन ही बना पाईं और लेह कास्पेरेक का शिकार हो गईं। लेह कास्पेरेक ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। लेह कास्पेरेक के इस ओवर में 3 रन बने।
12वां ओवर रोजमैरी लेयर लेकर आईं। यह ओवर भारत के लिए थोड़ा गम थोड़ी खुशी लेकर आया। ओवर की पहली ही गेंद पर जेमिमा का कैच एमिलिया केर ने लपक लिया। जेमिमा ने 9 गेंद पर 10 रन बनाए। इसके बाद शेफाली ने तीसरी गेंद पर चौका और आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा। वे 44 रन बनाकर खेल रही हैं। दूसरे छोर पर हरमनप्रीत कौर हैं।
10वां ओवर रोजमैरी मेयर लेकर आईं। उन्होंने पहली ही गेंद पर तान्या भाटिया को एमिलिया केर के हाथों कैच करा दिया। तान्या ने 3 चौके की मदद से 25 गेंद पर 23 रन बनाए। तान्या की जगह जेमिमा क्रीज पर आईं। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर चौका जड़कर खाता खोला। ओवर की आखिरी गेंद पर मिडविकेट पर ली ताहूहू ने शेफाली का कैच टपका दिया।
9वां ओवर एमिलिया केर ने फेंका। इस ओवर में भारतीय खिलाड़ियों ने 8 रन बटोरे। ओवर की पांचवीं गेंद पर शेफाली वर्मा ने चौका जड़ दिया। वे अगली गेंद को भी सीमा रेखा के पार भेजना चाहती थीं, लेकिन सफल नहीं हुईं। इसकी झल्लाहट उनके चेहरे पर साफ दिखी।
आठवां ओवर हेले जेनसेन लेकर आईं। इस ओवर की आखिरी गेंद पर शेफाली वर्मा ने लॉन्ग ऑन की ओर उठाकर मारा। गेंद पूरी तरह से उनके बल्ले पर आई नहीं और मैडी ग्रीन उनका कैच पकड़ने के लिए ओर बढ़ीं। हालांकि, वे सफल नहीं हो पाईं।
छठा ओवर हेले जेनसेन ने फेंका। न्यूजीलैंड के लिहाज से यह काफी अच्छा ओवर रहा। जेनसेन ने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। जेनसेन की आखिरी गेंद पर शेफाली ने चौका लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुईं।
पांचवां ओवर न्यूजीलैंड के लिए काफी महंगा साबित हुआ। न्यूजीलैंड की ओर से एना पीटरसन ने यह ओवर फेंका। शेफाली ने उनके इस ओवर की आखिरी दो गेंदों पर 2 छक्के लगाए। इस ओवर से भारत ने 13 रन जुटाए।
चौथा ओवर फेंकने की जिम्मेदारी खुद सोफी डिवाइन ने उठाई। उनके इस ओवर की आखिरी गेंद पर शेफाली वर्मा ने चौका जड़ा। शेफाली ने चौका लगाने के बाद जिस तरह से एक्सप्रेशन दिया, उससे लगा कि वे काफी देर से इसी तरह के शॉट का इंतजार कर रही थीं।
तीसरा ओवर फिर ली ताहूहू लेकर आईं। मंधाना उनकी पहली गेंद पर 2 रन लेकर दहाई के पार पहुंच गईं। हालांकि, ताहूहू ने अगली गेंद यार्कर फेंकी और मंधाना चकमा खा गईं और विकेट की गिल्लियां उखड़ गईं। मंधाना ने 8 गेंद पर 11 रन बनाए। मंधाना के पवेलियन लौटने के बाद तान्या भाटिया क्रीज पर आईं हैं।
रोजमैरी मेयर न्यूजीलैंड के लिए दूसरा ओवर लेकर आईं। शेफाली ने पहली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक मंधाना को दी। मंधाना ने अगली गेंद पर चौका जड़ दिया। मंधाना ने अगली गेंद पर एक रन लेकर फिर स्ट्राइक शेफाली को दी। शेफाली ने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर टीम का स्कोर 15 रन पहुंचा दिया।
भारत की ओर से शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड के लिए ली ताहूहू पहला ओवर लेकर आईं। शेफाली ने उनकी दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। मंधाना ने पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला।
न्यूजीलैंड : सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, राशेल प्राइस्ट (विकेटकीपर), मैडी ग्रीन, केटी मार्टिन, एमेलिया केर, हेले जेनसेन, एना पीटरसन, लेह कास्पेरेक, ली ताहूहू, रोजमैरी मेयर।
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शिखा पांडे, पूनम यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, वेदा कृष्णमूर्ति, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, तान्या भाटिया (विकेटकीपर), राधा यादव, शेफाली वर्मा।