Women’s T20 Challenge 2022: ट्रेलब्लेजर्स ने महिला टी20 चैलेंज 2022 में 26 मई को वेलोसिटी के खिलाफ 16 रन से जीत हासिल की। इसके बावजूद उसका टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। वहीं, हार झेलनी वाली वेलोसिटी ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अब शनिवार को फाइनल में उसका सामना सुपरनोवाज से होगा। वेलोसिटी ने इससे पहले 2019 में महिला टी20 चैलेंज के फाइनल में जगह बनाई थी। वेलोसिटी के फाइनल में पहुंचने में किरण नवगिरे ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शैफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा और महिला टी20 चैलेंज के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाया।

किरण नवगीरे ने 202.94 के स्ट्राइक रेट से 34 गेंद में 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने छक्का लगाकर 25वीं गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने शैफाली वर्मा के 30 गेंद में अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने राजेश्वरी गायकवाड़ की अगली गेंद पर लॉन्ग ऑन पर एक और छक्का लगाया।

पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले गए इस मैच में वेलोसिटी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। स्मृति मंधाना की अगुआई वाली ट्रेलब्लेजर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 190 रन बननाए। इस प्रतियोगिता का यह सबसे बड़ा स्कोर है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेलोसिटी 20 ओवर में 9 विकेट पर 174 रन ही बना पाई।

वेलोसिटी जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी थी तो उसके सामने दो लक्ष्य थे। पहले उन्हें 159 रन बनाने थे। इतने रन बनाते ही उनकी फाइनल की सीट पक्की हो जाती। दूसरा उन्हें ट्रेलब्लेजर्स की ओर से दिए गए लक्ष्य को हासिल करना था। उन्होंने पहले लक्ष्य पर ज्यादा ध्यान दिया। यह स्वभाविक भी था।

इससे पहले ट्रेलब्लेजर्स की बैटर्स ने कमाल की बल्लेबाजी की। स्मृति मंधाना का जल्दी विकेट गिरने के बाद एस मेघना (47 गेंद, 73 रन, 7 चौके और 4 छक्के) और जेमिमा रोड्रिग्ज (44 गेंद, 66 रन, 7 चौके और एक छक्का) बीच बढ़िया साझेदारी हुई। इन दोनों के अलावा हेली मैथ्यूज ने 16 गेंद में 27 और सोफिया डंकले ने 8 गेंद में 19 रन की तेज पारियां खेलीं। वेलोसिटी की ओर से सिमरन बहादुर ने 2, जबकि केट क्रास, स्नेह राणा और अयोबोंगा खाका ने एक-एक विकेट लिए।

वेलोसिटी की ओर से किरण के अलावा शैफाली वर्मा ने 15 गेंद में 29, यास्तिका भाटिया ने 15 गेंद में 19, लॉरा वालवार्ड्ट ने 16 गेंद में 17, स्नेह राणा ने 14 गेंद में 11 और सिमरन बहादुर ने 10 गेंद में 12 रन बनाए। ट्रेलब्लेजर्स की राजेश्वरी गायकवाड़ और पूनम यादव ने 2-2 विकेट लिए। रेणुका सिंह, हेली मैथ्यूज, सलमा खातून और सोफिया डंकले एक-एक विकेट लेने में सफल रहीं।