प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत 30 दिसंबर 2022 को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय रजत नाम के एक युवक ने ऋषभ पंत की जान बचाई थी। अब रजत को लेकर ऐसी खबर सामने आई है, जिसे पर यकीन करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है। ऋषभ पंत की जान बचाने वाला खुद मौत के मुंह में पहुंच गया है। रजत ने प्रेमिका के साथ जहर पी लिया। प्रेमिका की जहर के कारण मौत हो गई। वहीं, रजत जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। प्रेमिका के परिजन ने रजत पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप भी लगाया है।

युवक पर प्रेमिका की हत्या करने का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजत मुजफ्फरनगर के शकरपुर स्थित माजरा बुच्चा बस्ती का रहने वाला है। नवयुवती की मां कमलेश का आरोप है कि रजत दो दिन पहले उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। फिर उसने उसे जहर खिला दिया। कमलेश ने रजत और अन्य के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल रजत की हालत गंभीर है। होश में आने के बाद पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी।

पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

रिपोर्ट्स की मानें तो सुशील के बेटे रजत का कमलेश की बेटी मनु कश्यप से पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन दोनों की जातियां अलग-अलग होने के कारण परिजन को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इस बीच, कमलेश की मां ने बेटी का रिश्ता अगल जगह तय कर दिया। मार्च 2025 में मनु की शादी होनी थी, लेकिन दोनों को भी यह मंजूर नहीं था।

9 फरवरी 2025 की शाम जहर खाया

दोनों ने साथ मरने की कसम खाई। रविवार 9 फरवरी 2025 की शाम करीब 4 बजे दोनों घर से जंगल की ओर निकले और गन्ने के खेत में जाकर जहर खा लिया। करीब 5 बजे के आसपास गांव के किसी शख्स ने दोनों को तड़पता देखा तो उनके परिजन को सूचना दी। परिजन ने उन्हें रुड़की के झबरेड़ा में प्रज्ञा अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार 11 फरवरी को तड़के 4 बजे मनु का निधन हो गया। रजत की हालत गंभीर थी।

मृतका की मां दी पुलिस में तहरीर

इस दौरान दोनो के परिजन ने पुलिस को किसी भी तरह की कोई सूचना नहीं दी। निधन के बाद मधु के परिजन शव को अस्पताल से लेकर गांव पहुंचे। इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर पुरकाजी थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने मधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया, ‘युवती की मां ने युवक के खिलाफ तहरीर दी है।’

जयवीर सिंह ने बताया, ‘तहरीर में रजत पर बेटी को घर से उठाकर ले जाकर जहर देकर मारने का आरोप लगाया गया है। रजत का अभी इलाज चल रहा है। उसके ठीक होने पर ही आगे की जांच की जाएगी। अगर युवक के स्वजन तहरीर देते हैं तो उसकी भी जांच कराई जाएगी। रजत 12वीं पास है और लिब्बरहेडी स्थित मिल में काम करता है। मधु ने 8वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।’

पंत से स्कूटी मिलने पर सुर्खियों में आए थे रजत

रजत क्रिकेटर ऋषभ पंत के लिए उस समय देवदूत बन गए जब 30 दिसंबर 2022 को उनकी मर्सिडीज कार डिवाइडर से टकरा गई। ऋषभ कार से रुड़की जा रहे थे। तभी वह एक दुर्घटना का शिकार हो गए।इसके बाद रजत ऋषभ को अस्पताल ले गए। दुर्घटना में घायल हुए ऋषभ पंत कई महीनों के इलाज के बाद ठीक होकर क्रिकेट मैदान पर लौटे। ऋषभ पंत ने रजत और दूसरे मददगारों का शुक्रिया अदा किया।

ऋषभ पंत ने मददगारों को स्कूटर उपहार स्वरूप देकर धन्यवाद अदा किया। रजत तब सुर्खियों में आए जब उन्हें ऋषभ पंत से स्कूटी उपहार में मिली। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि रजत इतना खतरनाक कदम उठा लेगा। आज रजत जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है।