आप अक्सर भारतीय क्रिकेटर्स और उनकी लव लाइफ के बारे में पढ़ते-सुनते रहे होंगे। इनमें से किसी ने अपनी गर्लफ्रेंड को ही आगे चलकर जीवन साथी भी बनाया। मगर क्या आप उस भारतीय क्रिकेटर को जानते हैं, जो बिना शादी किए ही पिता बन गया था। जी हां, उस खिलाड़ी का नाम है विनोद कांबली। दरअसल यह बल्लेबाज अपनी पहली पत्नी नोएला लैविस को तलाक दे चुके थे। इसके बाद उनका अफेयर फैशन मॉडल आंद्रया हैविट से शुरू हुआ। माना जाता है कि इसी दौरान आंद्रेया ने एक बेटे को जन्म दिया था। हालांकि इसके तुरंत बाद कांबली ने आंद्रेया से शादी भी कर ली थी। उनके इस बेटे का नाम जीजस क्रिस्टियानो है।

अपनी पहली पत्नी नोएला लैविस और दूसरी पत्नी आंद्रया हैविट के साथ विनोद कांबली। (Photo Courtesty : inuth.com)

18 जनवरी 1971 में मुंबई में जन्मे विनोद कांबली ने 1991 में वनडे और 1993 में टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था। शुरुआती मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कांबली का करियर बहुत दूर नहीं जा सका। अक्टूबर 2000 के बाद उन्हें भारतीय टीम में नहीं चुना गया। 2009 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।

आंद्रया हैविट के साथ विनोद कांबली।

अपने क्रिकेट करियर के दौरान विनोद कांबली ने 17 टेस्ट मैचों की 21 पारियों में 54.20 के औसत से कुल 1084 बनाए। उनका अधिकतम स्कोर 227 रन रहा। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल चार शतक और तीन अर्ध शतक बनाए। एकदिवसीय क्रिकेट में कांबली ने 104 मैचों की 97 पारियों में 32.59 के औसत से कुल 2477 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 2 शतक और 14 अर्धशतक बनाए। वनडे में उनका अधिकतम स्कोर 106 रन रहा। गौरतलब है कि एक समय कांबली और सचिन तेंदुलकर बहुत पक्के दोस्त थे। लेकिन इसके बाद दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई। दूरियां इस कदर बढ़ गईं कि दोनों ने लंबे वक्त तक एक दूसरे से बात नहीं की थी। लेकिन हाल ही में दोनों एक बार फिर दोस्त बन गए।

टाइम्स ऑफ इंडिया (टीओआई) के मुताबिक कांबली ने कहा कि अब सब कुछ ठीक है और वे इस बात से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर सारी कड़वाहट खत्म कर ली है और अब लोगों को बताना चाहते हैं कि हम वापस आ चुके हैं।’ हालांकि कांबली ने ये साफ नहीं किया है कि दोस्ती को फिर से पहले जैसा बनाने के लिए पहला कदम किसने उठाया, लेकिन 45 वर्षीय कांबली का कहना है कि दोनों ने सहमति से सब गलतफहमियां ठीक की हैं और इन सबके लिए वे काफी खुश भी हैं।