क्रिस गेल ने 30 अक्टूबर की रात इतिहास रचा। वह टी20 मुकाबलों में एक हजार छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 50वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस मैच में वह महज सिर्फ एक रन से अपना शतक पूरा करने से चूक गए। शतक से चूकने पर गेल अपना आपा खो बैठे।

क्रिस गेल ने पिच पर ही बैट पटक दिया। शुक्र रहा कि बैट विकेट पर जाकर नहीं लगा, नहीं तो उन पर आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप भी लग जाता है। हालांकि, उन्होंने इतनी जोर से बैट फेंका था कि वह काफी कई बार गिरता पड़ता पिच से काफी दूर जाकर गिरा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में क्रिस गेल 20वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड किया। गेल ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 63 गेंद में 8 छक्कों और छह चौकों की मदद से 99 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान लोकेश राहुल यानी केएल राहुल (46) के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी भी की।

गेल की इस पारी के दम पर ही किंग्स इलेवन पंजाब राजस्थान को 186 रन का लक्ष्य देने में सफल रही। गेल आईपीएल 2019 में भी एक रन से रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ अपना शतक बनाने से चूक गए थे। हालांकि, तब वह 99 रन बनाकर नाबाद रहे थे। इस बार रॉयल्स ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गेल टी20 मुकाबलों में अब तक 22 शतक लगा चुके हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मिशेल क्लिंगर हैं। हालांकि, वह गेल से काफी पीछे हैं। उनके नाम 8 शतक दर्ज हैं।

टी20 करियर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने अब तक 410 टी20 मुकाबलों में 13572 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर कीरोन पोलार्ड हैं। पोलार्ड के 524 मुकाबलों में 10425 रन हैं। टी20 मैच की किसी एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी गेल के नाम है।

क्रिस गेल ने 23 अप्रैल 2013 को आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 66 गेंद में 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। जो टी20 में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया उच्चतम स्कोर है। उन्होंने अपनी उस पारी के दौरान 17 छक्के और 13 चौके लगाए थे।