ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच की सीरीज के पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हरा दिया। इस मैच में जहां ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने जिम्बाब्वे की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। वहीं, उसके पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने शानदार कैच पकड़ा। 33 साल के स्टीव स्मिथ ने करीब 15 मीटर पीछे की ओर दौड़ते हुए डाइव लगाकर कैच लपका।

स्टीव स्मिथ को इस उम्र में इतनी फुर्ती से कैच पकड़ते देखकर साथी खिलाड़ी भी हैरान रह गए। यही नहीं, बाद में स्टीव स्मिथ ने बल्ले से भी जलवा बिखेरा। वह 48 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके लगाए। उनके अलावा ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 66 गेंद में 57 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 9 गेंद में नाबाद 32 रन बनाए।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 47.3 ओवर में 200 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 33.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाकर मैच जीत लिया। जिम्बाब्वे की पारी के दौरान एडम जम्पा 25वां ओवर लेकर आए। उनकी चौथी गेंद थोड़ी फ्लाइटेड थी।

जिम्बाब्वे के टोनी मुनयोंगा (Tony Munyonga) ने उसे बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश की, लेकिन गेंद पूरी तरह से बैट पर आई नहीं और स्टीव स्मिथ ने मिड ऑफ से पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ा। स्टीव स्मिथ को यह कैच पकड़ने के लिए करीब 15 मीटर पीछे दौड़ लगाने पड़ी। नीचे वीडियो में आप भी स्मिथ को कैच पकड़ते हुए देख सकते हैं। मुनयोंगा जब पवेलियन लौटे तब जिम्बाब्वे के खाते में 104 रन टंगे थे।

जिम्बाब्वे की ओर से वेस्ले मधेवेरे (Wesley Madhevere) और तदिवानाशे मारुमानी (Tadiwanashe Marumani) ने क्रमशः 72 और 45 रन बनाए। कप्तान रेगिस चकाबवा (Regis Chakabva) 31 रन बनाकर आउट हुए। ओपनर इनोसेंट काइया 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इन चारों के अलावा जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ग्रीन के अलावा एडम जम्पा ने 10 ओवर में 57 रन देकर 3 विकेट लिए। मिशेल स्टार्क और मिशेल मार्श ने भी 1-1 विकेट लिए। कैमरन ग्रीन ने वनडे करियर में पहली बार 5 विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया ने जनवरी 2004 से एकदिवसीय शृंखला के बाद से जिम्बाब्वे की मेजबानी नहीं की है। साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया त्रिकोणीय शृंखला का हिस्सा था। उस सीरीज में भारत भी शामिल था।