दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने पांच साल पहले 2015 में अपनी बेटी का नाम इंडिया रखा था। अब उन्होंने भारत को सबसे ज्यादा प्यार करने की वजह बताई है। उन्होंने एक वीडियो के जरिए यह खुलासा किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। वीडियो में कुछ लोग क्वारंटीन सेंटर में क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। उनसे पहले इस वीडियो को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी ट्वीट किया था।
जोंटी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, लोग मुझसे अक्सर पूछते हैं? भारत के बारे में ऐसा क्या है जो मुझे बहुत पसंद है। क्या मुझे अब भी कहने की जरूरत रह गई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अब तक यह पक्का जानकारी नहीं मिली है कि यह वीडियो कहां फिल्माया गया है। इस वीडियो को अब तक 36 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। इसे 2 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। वहीं करीब 500 लोग कमेंट कर चुके हैं।
उमर अब्दुल्ला ने इस वीडियो को बुधवार को शेयर किया था। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा था, जगह है, खेलेंगे। क्वारंटीन टाइम पास। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वीडियो कब और कहां फिल्माया गया था।
People ask me often; “what is it about India that I love so much” Need I say any more? https://t.co/QSsQfJOqIl pic.twitter.com/QdzIviTxMT
— Jonty Rhodes (@JontyRhodes8) June 10, 2020
जोंटी रोड्स ने 16 अप्रैल 1994 को केट मैकार्टी से शादी की थी। जोंटी के केटी से दो एक बेटी डैनिलिया रोड्स और एक बेटा रॉस रोड्स हैं। हालांकि, कुछ वर्षों बाद जोंटी और केटी अलग हो गए। 2014 में उन्होंने मेलानी वूल्फ से शादी की। मेलानी ने 2015 में मुंबई में बेटी को जन्म दिया। तब दंपति ने उसका नाम इंडिया जीन रोड्स रखा। तब जोंटी ने कहा था कि वह भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और परंपरा देखकर उन्हें बेटी का नाम इंडिया रखने की प्रेरणा मिली है। जोंटी रोट्स अक्सर भारत की यात्रा करते रहते हैं, खासकर आध्यात्मिक स्थलों की।
बता दें कि कोरोनावायरस के चलते देश में क्रिकेट टूर्नमेंट और सीरीज फिलहाल स्थगित हैं। हालांकि फैंस कहीं भी इसे खेलते नजर आ सकते हैं। कोविड-19 महामारी के खिलाफ भारत भी जंग लड़ रहा है। रोज बड़ी संख्या में इससे जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। कोरोनावायरस के कारण ही टीम इंडिया की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज को बीच में ही (मार्च में) रद्द करना पड़ा था। आईपीएल का 13वां सीजन भी अनिश्चिकाल के लिए स्थगित किया जा चुका है। जोंटी रोड्स ने अफने करियर में 52 टेस्ट और 245 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था।