Virat Kohli Records: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा वनडे 59 रन से जीत लिया। दूसरे वनडे में 120 रन पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली न सिर्फ मैन ऑफ द मैच बने, बल्कि उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। वे सौरव गांगुली को पीछे छोड़ते हुए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। विराट के अब 238 वनडे में 11406 रन हो गए हैं। गांगुली ने 311 वनडे में 11363 रन बनाए थे। सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में 18426 रनों के साथ सचिन तेंदुलकर पहले नंबर पर हैं। इस मामले में कोहली 8वें नंबर पर हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने भारतीय बल्लेबाज
| बल्लेबाज | मैच | रन | औसत |
| सचिन तेंदुलकर | 463 | 18426 | 44.83 |
| विराट कोहली | 238 | 11406 | 59.82 |
| सौरव गांगुली | 311 | 11363 | 41.02 |
| राहुल द्रविड़ | 344 | 10889 | 39.17 |
| महेंद्र सिंह धोनी | 347 | 10599 | 50.23 |
विराट ने वनडे में अपना 42वां शतक लगाया। उनका वेस्टइंडीज के खिलाफ यह 8वां शतक है। वनडे में किसी भी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक लगाए हैं। विराट वनडे में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ भी 8-8 शतक लगा चुके हैं। तेंदुलकर ने भी श्रीलंका के खिलाफ 8 शतक लगाए हैं। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज किसी भी टीम के खिलाफ 7 शतक से ज्यादा नहीं लगा पाया है।
कोहली का वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ औसत 72.57 है। वनडे में 1500 से ज्यादा रन बनाने वाले किसी भी बल्लेबाज का किसी एक विपक्षी टीम के खिलाफ इतना औसत नहीं है। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली आठ पारियों में 5 बार 100 या उससे ज्यादा रन का स्कोर किया है। रन मशीन कोहली ने किसी एक टीम के खिलाफ सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड हिट मैन रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 37 पारी में 2000 रन पूरे किए थे। विराट ने 34 पारियों में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2000 रन पूरे किए। कोहली के वेस्टइंडीज के खिलाफ अब 2032 रन हो गए हैं। भारतीय कप्तान भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वनडे मैचों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के डेसमंड हेंस के 2 शतक के आंकड़े को पीछे छोड़ा।
वनडे में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाने वाले टॉप-6 बल्लेबाज
| बल्लेबाज | किसके खिलाफ | पारी |
| विराट कोहली | वेस्टइंडीज | 34 |
| रोहित शर्मा | ऑस्ट्रेलिया | 37 |
| सचिन तेंदुलकर | ऑस्ट्रेलिया | 40 |
| विवियन रिचर्ड्स | ऑस्ट्रेलिया | 44 |
| विराट कोहली | श्रीलंका | 44 |
| महेंद्र सिंह धोनी | श्रीलंका | 45 |

