भारतीय क्रिकेटरों को मैदान पर पसीना बहाते और लंबे छक्के मारते तो आपने बहुत देखा होगा। बेहद टाइट शेड्यूल, ट्रैवलिंग, मैच, प्रैक्टिस और ट्रेनिंग में वे इतने व्यस्त रहते हैं कि उन्हें परिवार के लिए बेहद कम समय मिल पाता है। लेकिन जब भी वह अपने घर आते हैं तो उनके माता-पिता पत्नी और बच्चों के अलावा कोई और भी उनका बेसब्री से इंतजार करता है। वे कोई और नहीं बल्कि उनके पेट्स यानी पालतू जानवर होते हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि कई भारतीय खिलाड़ी अपने पेट्स से बहुत प्यार करते हैं और उनका खूब ख्याल रखते हैं। आइए आपको रूबरू कराते हैं इन्हीं खिलाड़ियों के पेट्स से:

के एल राहुल: टीम इंडिया के स्टाइलिश बल्लेबाज लोकेश राहुल के पास चाउ चाउ पपी है, जिसका नाम सिंबा है। उन्होंने कई बार अपने पपी के साथ सोशल मीडिया साइट पर तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिन्हें फैन्स से बहुत पसंद किया है। चाउ चाउ पपी अपनी बैंगनी/नीली जीभ के लिए बहुत फेमस हैं। इनकी कीमत 1,25000-1,75000 के बीच होती है।

रवींद्र जाडेजा: दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज रवींद्र जाडेजा का खूबसूरत घोड़ों का फार्महाउस है, जिसमें ‘वारी’ हाल ही में शामिल हुआ है। इस फार्महाउस में खरगोश, कबूतर, मछलियां और कुत्ते भी हैं। इन सभी जानवरों की कुल कीमत 3 से 4 लाख रुपये की है।

सचिन तेंदुलकर: सर्वकालीन महान बल्लेबाजों में से एक सचिन के बाद दो खूबसूरत सेंट बर्नार्ड कुत्ते हैं, जिन्हें वह कुछ वर्ष पहले मनाली लेकर गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें भी पोस्ट की थीं और लोगों भी इनके फैन हो गए थे। इनकी कीमत 50 से 60 हजार रुपये के बीच है।

महेंद्र सिंह धोनी: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के पास एक जर्मन शेफर्ड सारा, लेब्राडोर जारा और एक वेमारनेर जोया है। आमतौर पर जर्मन शेफर्ड की कीमत 40 से 50 हजार रुपये व लैब्राडोर और वेमाननेर की कीमत 30-40 हजार के बीच होती है। धोनी ने एक बार उनके लिए कहा था, मेरे पास तीन कुत्ते हैं। चाहे सीरीज में जीत मिली हो या हार, वे मुझसे एक जैसे ही पेश आते हैं।

विराट कोहली: टीम इंडिया के कप्तान और दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज विराट कोहली भी अपने पेट्स से बहुत प्यार करते हैं। उनके पास एक खूबसूरत ब्रूनो नाम का डॉग है। विराट ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर कई बार उसके साथ तस्वीरें पोस्ट की हैं। बीगल्स नाम की इस प्रजाति की कीमत 20 से 30 हजार रुपये के बीच है। ब्रूनो के अलावा विराट ने 15 आवारा कुत्तों को भी गोद लिया हुआ है।